पति को छोड़ प्रेमी के साथ बसाया नया ठिकाना, शादी की बात आई तो पलट गया युवक; अब पहुंचा जेल

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से प्रेम प्रसंग और धोखे का एक मामला सामने आया है। विदेश में नौकरी करने वाले पति और छह साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को छोड़कर एक विवाहिता अपनी पांच साल की बेटी के साथ प्रेमी के भरोसे नया जीवन शुरू करने निकली, लेकिन जब शादी की बात आई तो युवक ने किनारा कर लिया। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुंगाछीना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का करीब छह वर्ष पहले विवाह हुआ था। युवक विदेश में नौकरी करता है। करीब एक वर्ष पहले उसकी पत्नी अपनी पांच साल की बेटी के साथ जिला मुख्यालय में किराए के मकान में रहने लगी। इसी दौरान उसकी मुलाकात योगेश सौन नामक युवक से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।

प्रेम संबंध बढ़ा तो पति से अलग होने का लिया फैसला

बताया गया कि महिला और युवक के बीच कुछ समय बाद प्रेम संबंध स्थापित हो गए। महिला ने अपने पति से अलग होने का निर्णय लेते हुए तलाक के लिए आवेदन भी कर दिया। इसके बाद वह प्रेमी के साथ भविष्य की योजनाएं बनाने लगी और दोनों के विवाह की चर्चाएं भी होने लगीं।

हल्द्वानी में रहने लगी महिला, युवक उठाता था खर्च

पति से विवाद के बाद करीब छह महीने पहले महिला अपनी बेटी के साथ हल्द्वानी चली गई। आरोप है कि इस दौरान उसके रहने और अन्य खर्चों की जिम्मेदारी युवक ही उठा रहा था। महिला को उम्मीद थी कि जल्द ही दोनों विवाह कर लेंगे।

शादी का दबाव बढ़ा तो प्रेमी ने कर दिया इनकार

मामले में नया मोड़ तब आया जब महिला ने युवक से शादी का वादा पूरा करने को कहा। आरोप है कि युवक ने परिवार की सहमति न होने का हवाला देते हुए विवाह से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है।

नाबालिग छात्रा दुष्कर्म मामले में भी पुलिस को अहम सुराग

इसी बीच पिथौरागढ़ के चर्चित नाबालिग छात्रा दुष्कर्म मामले की जांच में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। विशेष जांच टीम ने जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर मृत नवजात के अवशेष बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे के निर्देश पर सीओ डीडीहाट उमेश मलिक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में पुलिस कर्मियों के अलावा फॉरेंसिक विशेषज्ञ और एसएसबी डॉग स्क्वायड को भी शामिल किया गया था।

40 सदस्यीय टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

करीब 40 सदस्यीय दल ने गांव के आसपास के जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान अस्कोट से लगभग 35 किलोमीटर दूर खलगाड़ गधेरे के समीप जंगल क्षेत्र से मृत नवजात के अवशेष बरामद किए गए। फॉरेंसिक टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अवशेषों को कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए भेज दिया है।

 

Related posts