‘अगर ऐसा कहा है तो शर्मनाक है…’ कंगना रनौत के ‘गटर जनरेशन’ बयान पर सोनू सूद की तीखी प्रतिक्रिया

मुंबई: अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के ‘जेन जी’ को लेकर दिए गए बयान पर अभिनेता सोनू सूद ने प्रतिक्रिया दी है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि यदि कंगना रनौत ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं के लिए ‘गटर जनरेशन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है, तो यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में हर व्यक्ति को सोच-समझकर बोलना चाहिए और युवाओं का सम्मान करना जरूरी है।

सोनू सूद बोले- युवा ही कलाकार को पहचान दिलाते हैं

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनू सूद ने कहा कि उन्होंने कंगना रनौत का पूरा बयान नहीं सुना है। हालांकि, उन्होंने कहा कि युवा ही किसी कलाकार को उस मुकाम तक पहुंचाते हैं, जहां वह आज होता है। उनके अनुसार, दर्शकों और युवाओं का समर्थन किसी भी कलाकार की सफलता की सबसे बड़ी ताकत होता है।

‘हर किसी को साथ लेकर चलना चाहिए’

सोनू सूद ने कहा कि जब तक लोग किसी कलाकार के साथ खड़े रहते हैं, तभी तक उसकी लोकप्रियता और सफलता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि यदि लोग साथ नहीं होंगे तो आगे बढ़ना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए हर व्यक्ति को सभी को साथ लेकर चलने की सोच रखनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि चाहे कोई अभिनेता हो, डॉक्टर हो या किसी भी अन्य पेशे से जुड़ा हो, उसकी पहचान और महत्व तभी तक है, जब तक लोग उससे जुड़े रहते हैं।

बयान को बताया ‘शर्मनाक’

जब सोनू सूद को बताया गया कि कंगना रनौत ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे जेन जी को ‘गटर जनरेशन’ कहा है, तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कहा गया है, तो यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें नहीं कही जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ‘तोल-मोल के बोल’ वाली कहावत हमेशा याद रखनी चाहिए, क्योंकि सार्वजनिक जीवन में बोले गए शब्दों का व्यापक असर होता है। उनके मुताबिक, लोगों का सम्मान करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

क्या था कंगना रनौत का बयान?

विवाद उस समय शुरू हुआ जब कंगना रनौत ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा कि प्रदर्शन से जुड़ी वीडियो देखकर उन्हें निराशा हुई और प्रदर्शनकारियों की भाषा पर भी आपत्ति जताई। इसी क्रम में उन्होंने प्रदर्शन कर रहे जेन जी के लिए ‘जनरेशन गटर’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उनके बयान की सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना हुई।

सोशल मीडिया पर भी बढ़ा विवाद

कंगना रनौत के बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी आलोचना की। विभिन्न लोगों और संगठनों की ओर से भी इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई गई। इसी बीच सोनू सूद की प्रतिक्रिया भी चर्चा का विषय बन गई है।

 

Related posts