नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार को लेकर बड़ा दावा किया है। कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की पहली एडवाइजरी काउंसिल बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि देश में बढ़ते आर्थिक संकट के कारण अगले एक साल में केंद्र सरकार घुटनों पर आ जाएगी। दिल्ली में आयोजित बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और सरकार इस संकट को संभाल नहीं पाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी भविष्यवाणियां गलत साबित नहीं होतीं।
‘देश के आर्थिक हालात और बिगड़ेंगे’
राहुल गांधी ने कहा कि देश में ध्रुवीकरण की राजनीति अब ज्यादा समय तक नहीं चल पाएगी। उन्होंने कहा कि विदेशी निवेश में गिरावट आ रही है और आर्थिक संकट बेहद गंभीर रूप ले चुका है। उन्होंने कहा, “देश के आर्थिक हालात बद से बदतर होने वाले हैं। यह सरकार आर्थिक संकट को संभाल नहीं पाएगी।” राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यदि चुनाव “मैनेज” नहीं किए जाएं तो अगले एक साल में सरकार चुनाव हारना शुरू कर देगी।
‘देश में लड़ाई अमीर और गरीब की’
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश की असली लड़ाई अमीर और गरीब के बीच है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि पार्टी को समुदायों की राजनीति से ऊपर उठकर गरीबों की लड़ाई लड़नी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला, दलित या मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति पर अत्याचार होता है तो कांग्रेस को खुलकर उसका नाम लेकर आवाज उठानी चाहिए और इससे डरना नहीं चाहिए। यह टिप्पणी उस सुझाव के जवाब में आई, जिसमें एक नेता ने कहा था कि पार्टी को “मुस्लिम” शब्द की जगह “अल्पसंख्यक” शब्द का इस्तेमाल करना चाहिए।
इमरान प्रतापगढ़ी ने संवाद बढ़ाने पर दिया जोर
बैठक में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि पार्टी को अल्पसंख्यक समुदाय के साथ संवाद और मजबूत करना चाहिए।बैठक में देशभर से अल्पसंख्यक समुदाय के 52 नेता शामिल हुए। राहुल गांधी ने सभी नेताओं से बिना डरे हर समुदाय की आवाज उठाने की अपील की।
अभिषेक मनु सिंघवी और इमरान मसूद ने भी रखी बात
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस को अल्पसंख्यक समुदाय के साथ आर्थिक मुद्दों पर भी अधिक चर्चा करनी चाहिए।वहीं कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी को केवल बीजेपी को हराने के नाम पर वोट नहीं मांगना चाहिए, बल्कि अपनी विचारधारा और नीतियों के आधार पर जनता के बीच जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी सरकार को घेरते रहे हैं राहुल
राहुल गांधी हाल के दिनों में सोशल मीडिया के जरिए भी लगातार केंद्र सरकार पर हमला बोलते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर आर्थिक हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था।
