छोटे भाई की शादी से जल उठा बड़ा भाई, नई नवेली दुल्हन की कुल्हाड़ी से हत्या; शादी के 10 दिन बाद उजड़ा सुहाग

भोपाल: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की नई नवेली पत्नी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी शादी नहीं होने से नाराज था और छोटे भाई की शादी से अंदर ही अंदर जल रहा था। शादी के महज 10 दिन बाद हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक घटना जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के खजरी गांव की है। देवरी गांव निवासी 23 वर्षीय सरिता मरकाम की शादी 10 दिन पहले खजरी गांव निवासी बबलू मरकाम से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद सरिता की हत्या कर दी गई।

छोटे भाई की शादी से नाराज था आरोपी

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आरोपी अब्बू मरकाम की उम्र करीब 35 साल है और उसकी अब तक शादी नहीं हुई थी। इसी बात को लेकर वह छोटे भाई की शादी से नाराज चल रहा था।

बताया गया कि दो दिन पहले भी आरोपी का अपने पिता लच्छी मरकाम से इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर छोड़कर चला गया था।

पैर छूने से मना करने पर बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह आरोपी कुल्हाड़ी लेकर घर पहुंचा। उस समय बबलू किसी काम से बाहर गया हुआ था। घर में सरिता, उसके ससुर और आरोपी की भांजी मौजूद थी।

घर पहुंचते ही आरोपी ने फिर विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने सरिता से पैर छूने के लिए कहा, लेकिन सरिता ने मना कर दिया। इसके बाद मामला अचानक हिंसक हो गया।

भांजी को धमकाकर दुल्हन पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक बीच-बचाव करने के लिए आरोपी की भांजी ने हंसिया उठा लिया, लेकिन आरोपी ने उससे हंसिया छीन लिया और उसे धमकाकर वहां से भगा दिया।

इसके बाद आरोपी ने सरिता के गले पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि सरिता की मौके पर ही मौत हो गई।

जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गांव के पास जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

Related posts