गोरखपुर: भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन इन दिनों जेन जी के बीच अपनी बढ़ती लोकप्रियता को लेकर चर्चा में हैं। उनके शिव भजन ‘कोटेश्वराय शिव कोटेश्वराय’ को युवाओं ने सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया है। भजन पर लगातार मीम्स और अलग-अलग तरह के रचनात्मक वीडियो बनाए जा रहे हैं। युवाओं के इस प्यार से उत्साहित रवि किशन ने अपने खास भोजपुरी अंदाज में जेन जी को धन्यवाद दिया है।
भोजपुरी अंदाज में बोले रवि किशन
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान रवि किशन ने जेन जी को लेकर कहा, “ई GEN Z हमरा के पगला दिहेल बाड़न। हमरा बुद्धिया बंद कई देहना। बुद्धिया नाहीं चलता।” उनके इस बयान का मतलब था कि जेन जी के प्यार और रचनात्मकता ने उन्हें इतना प्रभावित किया है कि उनकी समझ ही काम नहीं कर रही।
रवि किशन भोजपुरी फिल्मों के चर्चित अभिनेता हैं और गोरखपुर से सांसद हैं। मीडिया से बातचीत में वह अक्सर भोजपुरी भाषा में अपनी बात रखते हैं। इस बार भी उन्होंने युवाओं के प्रति अपनी भावनाएं भोजपुरी में ही जाहिर कीं।
शिव भजन पर युवाओं ने बनाए मीम्स
सावन के दौरान रवि किशन ने एक कार्यक्रम में लाइव ‘कोटेश्वराय शिव कोटेश्वराय’ भजन प्रस्तुत किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच यह भजन तेजी से लोकप्रिय हुआ। जेन जी के बीच भजन को लेकर अलग-अलग तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां और मीम्स देखने को मिले।
रवि किशन ने कहा कि वह जेन जी की रचनात्मकता को पसंद करते हैं। उन्होंने बताया कि युवा उनके गाए शिव भजन को अलग-अलग अंदाज में प्रस्तुत कर रहे हैं और शिव आराधना से जुड़े इस जुड़ाव को देखकर उन्हें काफी खुशी हो रही है।
‘जेन जी का प्यार ऐतिहासिक है’
रवि किशन ने युवाओं से मिले प्यार को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें जिस तरह का समर्थन मिला है, वैसा शायद पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब जेन जी किसी को प्यार देने पर आती है तो वह बेहिसाब प्यार देती है।
सांसद ने बताया कि उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें ‘लॉर्ड रवि’, ‘गॉड रवि’ और ‘आज के ओशो’ जैसे नाम भी दे रहे हैं। युवाओं की इस प्रतिक्रिया को वह अपने लिए खास अनुभव मान रहे हैं।
रवि किशन बोले- जेन जी ने मुझे नई पहचान दी
रवि किशन ने कहा कि जेन जी ने उन्हें एक नई पहचान दी है। उन्होंने बताया कि एक समय उन्हें लगता था कि लोग उन्हें उस नजर से नहीं देख रहे हैं, लेकिन अब युवा उन्हें नए तरीके से देख और समझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी ने उन्हें इस तरह नहीं खोजा था। अब लोग उनके बारे में और जानना चाहते हैं और उन्हें देखना चाहते हैं। रवि किशन ने कहा कि जेन जी ने उन्हें अपना मान लिया है और वह इस प्यार के लिए युवाओं का शुक्रिया अदा करते हैं। साथ ही उन्होंने जेन जी की रचनात्मकता को सलाम भी किया।
