एजुकेशन डेस्क: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2026 में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपीटीईटी 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तर कुंजी डाउनलोड कर अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं और संभावित परिणाम का अनुमान लगा सकते हैं।
14 जुलाई तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
यदि किसी अभ्यर्थी को प्रोविजनल आंसर की में दिए गए किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 14 जुलाई 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है। आयोग सभी प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा करने के बाद अंतिम आंसर की जारी करेगा।
ऐसे डाउनलोड करें यूपीटीईटी प्रोविजनल आंसर की
यूपीटीईटी 2026 की उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर नोटिस बोर्ड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) – प्रश्न आपत्ति (Qs. Objection) से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और स्क्रीन पर दिया गया सुरक्षा कोड दर्ज कर लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद आपकी स्क्रीन पर प्रोविजनल आंसर की दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड कर अपने उत्तरों का मिलान किया जा सकता है। यदि किसी उत्तर पर आपत्ति हो तो वहीं से ऑनलाइन आपत्ति भी दर्ज की जा सकती है।
2 से 4 जुलाई तक हुई थी परीक्षा
यूपीटीईटी 2026 का आयोजन 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को एक पाली में किया गया था। अब आयोग प्रोविजनल आंसर की पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करेगा। इसके बाद अंतिम आंसर की जारी की जाएगी और उसी के आधार पर परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।
