758 करोड़ की विकास सौगात: सीएम योगी ने गोरखपुर में किया 24 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, जनता को समर्पित हुई भटहट-बांसस्थान फोरलेन

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र को 758 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। बांसस्थान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कुल 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सबसे बड़ी परियोजना 689 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क रही, जिसे मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने लगभग 697 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पांच सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सड़क निर्माण और पर्यटन विकास से जुड़ी 19 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया, जिनकी कुल लागत 60.63 करोड़ रुपये से अधिक है। सभी परियोजनाएं पिपराइच विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं।

11.6 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 11.6 किलोमीटर लंबी भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया। इस परियोजना के निर्माण पर 689 करोड़ 35 लाख 33 हजार रुपये की लागत आई है। इस सड़क के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

आयुष विश्वविद्यालय का भी किया निरीक्षण

गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में बने पुरुष और महिला छात्रावास का लोकार्पण किया। पुरुष छात्रावास का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में रखा गया है, जबकि महिला छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया है।

इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

लोकार्पित परियोजनाओं में भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क के अलावा चकजलाल-घोड़ादेउर होते हुए तरकुलही हनुमान मंदिर तक संपर्क मार्ग, हाफिज नगर द्वितीय संपर्क मार्ग, पिपराइच-बरगदही मार्ग से सिरसिया महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा फुलवरिया बड़ा टोला क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण शामिल हैं।

19 नई परियोजनाओं की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने सड़क चौड़ीकरण, ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़कें, सीसी रोड, नहर पटरी मार्गों के सुदृढ़ीकरण और पर्यटन विकास से जुड़ी 19 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें सिरसिया महादेव कुंड, समय माता मंदिर और औरंगाबाद गांव के पर्यटन विकास कार्य भी शामिल हैं।

 

Related posts