13 जुलाई को लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का व्यस्त दौरा, एक्सप्रेसवे लोकार्पण से लेकर KGMU दीक्षांत समारोह तक कई कार्यक्रम

लखनऊ: रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह 13 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। इस दौरान वह किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के 22वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेने के साथ सैनिक स्कूल परिसर में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

सुबह एयरपोर्ट से सीधे पहुंचेंगे केजीएमयू

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री सुबह 10:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे केजीएमयू जाएंगे, जहां सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित 22वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का करेंगे लोकार्पण

दीक्षांत समारोह के बाद राजनाथ सिंह अपने सरकारी आवास कालिदास मार्ग जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे ला मार्टिनियर कॉलेज हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए उन्नाव रवाना होंगे। वहां वह लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होकर परियोजना का उद्घाटन करेंगे।

वार मेमोरियल पर देंगे श्रद्धांजलि

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद रक्षा मंत्री लखनऊ लौटेंगे और सरोजिनी नगर स्थित सैनिक स्कूल के वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे से 5:45 बजे तक सैनिक स्कूल परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

शाम को दिल्ली लौटेंगे रक्षा मंत्री

सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद रक्षा मंत्री शाम 6:00 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

 

Related posts