उन्नाव ,बाढ़ अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात के कारण फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को राहत देने के लिए सोमवार को अनुदान राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के किसानों के खातों में कृषि निवेश अनुदान राशि अंतरित की।
इसी क्रम में उन्नाव के पन्नालाल सभागार में सदर विधायक पंकज गुप्ता और जिलाधिकारी घनश्याम मीना की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फसल क्षति से प्रभावित किसानों को अनुदान राशि के चेक और सहायता राशि से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
जनपद उन्नाव में 3,008.40 हेक्टेयर क्षेत्रफल की फसल क्षति से प्रभावित करीब 10 हजार किसानों को पांच करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि का लाभ मिला। वहीं, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों के खातों में कुल 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि अंतरित की। कार्यक्रम में मौजूद किसानों और अधिकारियों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा। प्रशासन की ओर से बताया गया कि फसल क्षति से प्रभावित किसानों को अनुदान राशि वितरण के लिए जिले की सभी तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, उप जिलाधिकारी सदर राजेश विश्वकर्मा, तहसीलदार सदर सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रभावित किसान मौजूद रहे।
