अब बाजार जलेगा! Gas महंगी… और जेबें खाली होने वाली हैं?

अजमल शाह
अजमल शाह

Gas cylinder की कीमत नहीं बढ़ी… लेकिन आपकी थाली महंगी होने वाली है। रसोई में चूल्हा भले शांत दिखे, पर बाजार में आग लग चुकी है। सवाल सिर्फ इतना नहीं कि सिलेंडर महंगा हुआ… सवाल ये है कि अब हर प्लेट की कीमत कौन तय करेगा?

सीधा वार: कमर्शियल गैस पर ‘महंगाई का बम’

सरकार ने घरेलू LPG को छुआ तक नहीं… लेकिन कमर्शियल सिलेंडर पर ऐसा वार किया कि होटल, ढाबे और स्ट्रीट फूड वाले सीधे ICU में पहुंच गए।

दिल्ली में ₹194 की छलांग, मुंबई में ₹196, चेन्नई में ₹203 और कोलकाता में ₹218 का झटका। अब दिल्ली में एक सिलेंडर ₹2078.50 का… यानी चाय का कप भी अब ‘लक्ज़री आइटम’ बनने की तैयारी में है। महंगाई अब सीधे पेट पर हमला कर रही है… और ये सिर्फ शुरुआत है।

छोटे कारोबारियों की कमर टूटी

सिस्टम का सबसे आसान शिकार कौन? ना बड़े कॉर्पोरेट… ना तेल कंपनियां…बल्कि वो चाय वाला, वो ढाबा, वो स्ट्रीट फूड वाला… जो रोज कमाता है, रोज खाता है। कमर्शियल गैस महंगी होते ही लागत बढ़ी। लागत बढ़ी तो कीमत बढ़ी। कीमत बढ़ी तो ग्राहक गायब।

यह एक ऐसा साइलेंट चेन रिएक्शन है, जो धीरे-धीरे पूरी अर्थव्यवस्था को जकड़ लेता है।

Middle East War: असली वजह या बहाना?

दुनिया के नक्शे पर दूर कहीं Middle East में युद्ध छिड़ा…और असर सीधे आपकी प्लेट तक पहुंच गया। होर्मुज स्ट्रेट बंद…कच्चे तेल की सप्लाई अटक गई… और भारत जैसे देश, जो आयात पर निर्भर हैं, सीधे संकट में।

लेकिन सवाल उठता है क्या हर बार अंतरराष्ट्रीय संकट का बोझ आम आदमी ही उठाएगा?

थाली से टिकट तक: हर चीज होगी महंगी

आज गैस महंगी हुई है…कल वही असर दिखेगा होटल का खाना महंगा, फास्ट फूड की कीमत बढ़ेगी, शादी-ब्याह का खर्च आसमान छुएगा। छोटे बिजनेस बंद होने की कगार पर। मतलब सीधा सा है आपने गैस नहीं खरीदी, फिर भी आप कीमत चुकाएंगे।

रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में ‘साइलेंट क्राइसिस’

बड़े रेस्टोरेंट survive कर जाएंगे…लेकिन छोटे होटल और ढाबे? उनके लिए ये ‘करो या मरो’ की स्थिति है। या तो कीमत बढ़ाओ और ग्राहक खोओ या कीमत वही रखो और घाटा सहो। दोनों ही रास्ते खतरनाक हैं। खेल सिर्फ बाजार का नहीं… survival का है।

आम आदमी: सबसे बड़ा ‘लूजर’

आप सोच रहे होंगे — “घरेलू गैस तो नहीं बढ़ी, हमें क्या फर्क?” यहीं सबसे बड़ा भ्रम है। आप घर पर सस्ता खाना बनाएंगे…लेकिन बाहर हर चीज महंगी होगी। ऑफिस की कैंटीन से लेकर सड़क के गोलगप्पे तक…हर जगह आपको ज्यादा पैसे देने होंगे। महंगाई अब अदृश्य हो चुकी है… दिखेगी नहीं, पर काटेगी जरूर।

सरकार कहेगी — global crisis
कंपनियां कहेंगी — cost pressure
विशेषज्ञ कहेंगे — unavoidable situation

लेकिन आम आदमी पूछेगा —“हर बार बलि का बकरा मैं ही क्यों?” लेकिन जवाब शायद किसी के पास नहीं है… या देना कोई चाहता ही नहीं।

आज गैस महंगी हुई है… कल आपकी रोजमर्रा की जिंदगी महंगी होगी…और परसों शायद आपकी कमाई कम पड़ जाएगी। ये सिर्फ एक price hike नहीं… ये एक संकेत है कि आने वाले समय में महंगाई का तूफान अभी और तेज होने वाला है।

और सबसे डरावनी बात? हम सब इस तूफान के बीच खड़े हैं… बिना किसी छत के।

ISI का मोहरा शब्बीर लोन गिरफ्तार, अंदर तक घुस चुका था नेटवर्क

Related posts

Leave a Comment