गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार से तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 11 जुलाई को मुख्यमंत्री भटहट में आयोजित कार्यक्रम में करीब 697 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा 12 जुलाई को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत करेंगे।
697 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री 11 जुलाई को सुबह 10:30 बजे भटहट स्थित कार्यक्रम में चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें सबसे बड़ी परियोजना भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क है, जिसकी लंबाई 11.6 किलोमीटर और लागत 689.35 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा चकजलाल घोड़ादेउर होते हुए तरकुलही हनुमान मंदिर तक संपर्क मार्ग, हाफिज नगर द्वितीय संपर्क मार्ग के निर्माण तथा पिपराइच-बरगदही मार्ग से सिरसिया महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना का भी लोकार्पण किया जाएगा।
सात नई विकास परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान 54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। लोकार्पण और शिलान्यास समारोह वामंत माता मंदिर के पास आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के दोनों ओर मानकों के अनुरूप जल निकासी की व्यवस्था भी की गई है।
12 जुलाई को शुरू करेंगे वृहद पौधरोपण अभियान
दौरे के तीसरे दिन यानी 12 जुलाई को मुख्यमंत्री बाघागाड़ा स्थित भगवानपुर टोल प्लाजा के पास पौधरोपण कर प्रदेशव्यापी वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के जरिए पूरे उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्यमी ओम प्रकाश जालान, सराफा व्यवसायी अतुल सराफ के पिता बालकृष्ण सराफ तथा गीता प्रेस के ट्रस्टी देवी दयाल की माता दर्शन देवी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे।
तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआईजी एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
