बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद शुक्रवार शाम खूनी वारदात में बदल गया। कोतवाली देहात क्षेत्र के भाईपुरा गांव में एक देवर ने अपनी 50 वर्षीय भाभी बीना पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। महिला पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। वारदात के दौरान महिला की जीभ काटे जाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, भाईपुरा गांव में मकान के बंटवारे को लेकर देवर और भाभी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी देवर ने अपनी भाभी पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।
आरोप है कि देवर ने महिला पर लगातार कई वार किए। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गईं और जमीन पर गिर पड़ीं। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी प्रखर पांडेय समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों का गठन
बुलंदशहर के सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि मकान के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में देवर ने अपनी भाभी पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीओ के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
