अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। चयन समिति ने सीईओ पद के लिए तीन योग्य नामों का पैनल तैयार कर लिया है। समिति के तीनों सदस्य 31 अगस्त की शाम तक अयोध्या पहुंचेंगे और 1 सितंबर को यह पैनल ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को सौंपेंगे। इसके बाद 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में तीनों नामों पर विचार-विमर्श कर किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
5585 आवेदनों के बाद तीन नामों पर पहुंची चयन समिति
राम मंदिर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति का फैसला जून में मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने और दो ट्रस्टियों के त्यागपत्र के बाद लिया गया था। ट्रस्ट ने देश के अन्य प्रमुख मंदिरों की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए राम मंदिर के लिए भी सीईओ नियुक्त करने का निर्णय किया था।
इसके लिए 6 जुलाई को तीन सदस्यीय चयन समिति गठित की गई थी। पूर्व न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली को समिति का अध्यक्ष बनाया गया था, जबकि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट विष्णुकांत चतुर्वेदी और परमाणु विज्ञानी डॉ. सुरेश हावड़े को सदस्य बनाया गया था।
20 साल का प्रशासनिक अनुभव और 50 से 70 वर्ष आयु की थी शर्त
चयन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवार के पास कम से कम 20 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव होना जरूरी रखा गया था। इसके अलावा आयु सीमा 50 से 70 वर्ष, हिंदू होना और मंदिर की पूजा पद्धति की जानकारी जैसी शर्तें भी निर्धारित की गई थीं। सीईओ की नियुक्ति तीन वर्ष के लिए की जानी है। बेहतर कार्य प्रदर्शन की स्थिति में कार्यकाल का नवीनीकरण किया जा सकेगा।
सीईओ का वेतन सार्वजनिक नहीं किया गया था। इसे आपसी बातचीत के आधार पर तय किए जाने की व्यवस्था रखी गई थी।
तीन चरणों में हुई आवेदनों की छंटनी
सीईओ पद के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 18 जुलाई थी। इस दौरान कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदनों की तीन चरणों में छंटनी के बाद 111 उम्मीदवारों के ऑनलाइन साक्षात्कार लिए गए। इसके बाद 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में 16 उम्मीदवारों के अंतिम साक्षात्कार हुए।
इन्हीं उम्मीदवारों में से चयन समिति ने तीन योग्य व्यक्तियों का चयन कर अंतिम पैनल तैयार किया है। हालांकि समिति ने पैनल में शामिल उम्मीदवारों के नामों को फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया है।
1 सितंबर को ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ होगी चर्चा
चयन समिति के एक सदस्य के मुताबिक पैनल तैयार करने से पहले तीनों सदस्यों के बीच दो से तीन दौर में गहन विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि पैनल में अलग-अलग सेवाओं में काम कर चुके तीन लोगों के नाम शामिल हैं।
1 सितंबर को ट्रस्ट पदाधिकारी चयन समिति के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान सीईओ के अधिकार, दायित्व, वेतन, कार्य निर्धारण, ट्रस्ट के महासचिव के प्रति जवाबदेही और कार्यकाल के नवीनीकरण समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
2 सितंबर को होगा अंतिम फैसला
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक 2 सितंबर को मणिरामदास जी की छावनी में महंत नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में प्रस्तावित है। इसी बैठक में चयन समिति द्वारा सौंपे गए तीन नामों पर ट्रस्टी विचार करेंगे और किसी एक व्यक्ति को राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी चुना जा सकता है।
बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास, अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, ट्रस्टी एवं धार्मिक समिति के सदस्य महंत दिनेंद्रदास समेत अन्य पदाधिकारियों के मौजूद रहने की संभावना है।
