कार्तिक पूर्णिमा पर नानामऊ घाट पर उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब, लाखों श्रद्धालु लगाएंगे गंगा में डुबकी

उन्नाव। बांगरमऊ कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान को लेकर क्षेत्र के प्रसिद्ध नानामऊ घाट पर आस्था और श्रद्धा का विशाल संगम देखने को मिलेगा। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा पर नानामऊ घाट पर विशाल मेले का आयोजन होगा, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे। इस पावन पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य एवं पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था और विश्वास के चलते श्रद्धालु भोर होते ही गंगा घाटों पर पहुंचना शुरू कर देते हैं। नानामऊ घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। गंगा स्नान के साथ ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नानामऊ घाट पर लगने वाला विशाल मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का भी प्रतीक है। मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजती हैं। मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में विशेष उत्साह देखने को मिलता है।


कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा साफ-सफाई सहित विभिन्न महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मेले की व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा घाट पर आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

प्रशासन का प्रयास है कि कार्तिक पूर्णिमा का यह पावन पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। आस्था के इस महापर्व पर नानामऊ घाट एक बार फिर लाखों श्रद्धालुओं की भक्ति, विश्वास और धार्मिक उल्लास का साक्षी बनेगा। मां गंगा के जयकारों से पूरा घाट क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आएगा।

Related posts