विधानसभा निर्वाचन नामावली की समीक्षा बैठक में एसडीएम ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

उन्नाव। बांगरमऊ जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी बांगरमऊ की अध्यक्षता में तहसील परिसर स्थित जनसभागार में विधानसभा निर्वाचन नामावली से संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण एवं अद्यतन से जुड़े कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों, सुपरवाइजरों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला ने सभी बीएलओ से उनके-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन नामावली से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन नामावली से जुड़ा कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी वाला है। इसलिए सभी संबंधित कर्मचारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।


उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन नामावली से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा किया जाए। पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, नामों एवं विवरणों में आवश्यक संशोधन कराने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों से संबंधित नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि निर्वाचन नामावली त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनी रहे।

उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहकर कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें। साथ ही संबंधित सुपरवाइजर नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्वाचन संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराने के निर्देश भी दिए।इस समीक्षा बैठक में उप जिलाधिकारी बांगरमऊ के साथ नायब तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, संबंधित सुपरवाइजर, सभासद तथा तहसील क्षेत्र के सभी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related posts