जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शादी के दिन दूल्हे आजाद बिंद की सरेआम हत्या करने वाले मुख्य शूटर रवि यादव को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव का एनकाउंटर खेतासराय थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुआ। इस दौरान पुलिस टीम पर हुई फायरिंग में एक इंस्पेक्टर घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गए।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
यह सनसनीखेज वारदात एक मई की शाम हुई थी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़अउर गांव निवासी 25 वर्षीय आजाद बिंद अपनी बारात लेकर खेतासराय के बीबीपुर गांव जा रहे थे। फूलों से सजी कार में सवार दूल्हा जैसे ही हाईवे पर पहुंचा, बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में कार को ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पहली गोली कार का शीशा तोड़ते हुए आजाद बिंद के सीने में लगी, जबकि दूसरी गोली उनके जबड़े में जा धंसी। कुछ ही पलों में शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय आजाद ने दम तोड़ दिया।
शादी से नाराज रिश्तेदार ने रची थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी नहीं, बल्कि लड़की के रिश्तेदार प्रदीप बिंद की नाराजगी थी। बताया गया कि वह इस शादी के खिलाफ था और उसने पहले भी आजाद बिंद को धमकी दी थी। शादी नहीं रुकने पर प्रदीप बिंद ने शूटर रवि यादव और भोले राजभर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और लगातार उनकी तलाश की जा रही थी।
निर्माणाधीन बाईपास पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी जिला बदलने की फिराक में हैं। इसके बाद खेतासराय पुलिस ने गोरारी इलाके के पास चेकिंग अभियान तेज कर दिया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाश निर्माणाधीन बाईपास की ओर मुड़ गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में रवि यादव को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर गन्ने के खेतों की तरफ भाग निकला। पुलिस रवि यादव को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर के हाथ में लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान खेतासराय के थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। वहीं एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से उसकी जान बच गई। घायल इंस्पेक्टर का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अब भी फरार हैं दो बड़े आरोपी
रवि यादव के एनकाउंटर के बाद भी इस केस की कहानी पूरी नहीं हुई है। मुख्य साजिशकर्ता प्रदीप बिंद और शूटर भोले राजभर अब भी फरार चल रहे हैं। पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि दोनों आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।
परिवार में अब भी दहशत का माहौल
इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। दूल्हे की हत्या के बाद परिवार में अब भी मातम पसरा हुआ है। आजाद बिंद के परिजनों का कहना है कि जब तक बाकी आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक उन्हें न्याय अधूरा लगेगा। वहीं पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश अंतिम चरण में है।
