सपा को बड़ा झटका! 5 बार के विधायक आलमबदी आजमी का निधन, 92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, शोक में डूबा आजमगढ़

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे आलमबदी आजमी का बुधवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने 92 वर्ष की आयु में आजमगढ़ शहर के कुर्मी टोला स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पिछले कुछ समय से आलमबदी आजमी का स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था। उनका लखनऊ में भी इलाज कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया था। बुधवार देर रात उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली।

श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब

वरिष्ठ विधायक के निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे। गुरुवार सुबह से ही उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला लगातार जारी रहा। लोगों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।

पांच बार विधायक बनकर किया क्षेत्र का प्रतिनिधित्व

आलमबदी आजमी का राजनीतिक जीवन लंबा और प्रभावशाली रहा। वह कुल पांच बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए निजामाबाद सीट से विधायक चुने गए। उन्होंने पहली बार वर्ष 1996 में जीत दर्ज की और इसके बाद वर्ष 2002 में दोबारा विधायक बने।

2007 में हार के बाद की दमदार वापसी

वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बसपा के अंगद यादव से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए वर्ष 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव लगातार जीतकर तीसरी बार नहीं, बल्कि कुल पांचवीं बार विधानसभा पहुंचे और लगातार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

 

Related posts