उड़ान’ में सुरों की सरगम और नृत्य की थिरकन ने बांधा समां

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में नृत्य एवं गायन प्रतियोगिता का आयोजन, प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने निर्णायकों को भी किया प्रभावित

झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में छह दिवसीय ‘उड़ान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित नृत्य एवं गायन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का ऐसा रंग बिखेरा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। सुरों की मधुरता और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने निर्णायक मंडल के सामने विजेताओं के चयन की चुनौती खड़ी कर दी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा समापन समारोह में की जाएगी।


विश्वविद्यालय के बैंकिंग, अर्थशास्त्र एवं वित्त विभाग के इकोफिन क्लब द्वारा कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित ‘उड़ान’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने नृत्य एवं गायन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से न केवल दर्शकों की तालियां बटोरीं, बल्कि अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का भी परिचय दिया।


विभागाध्यक्ष डॉ. शंभु नाथ सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारना और उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है। ‘उड़ान’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मंच कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
नृत्य प्रतियोगिता में प्रो. एम.एम. सिंह एवं डॉ. अभिषेक जोशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं, गायन प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. शुभांगी निगम, डॉ. अमिता कुशवाहा एवं अंशिका बहोरे ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. राधिका चौधरी, डॉ. शिखा सोनी एवं डॉ. अमीषा महो ने किया। इस अवसर पर डॉ. ज्योति कुमारी मिश्रा, डॉ. शिल्पा मिश्रा, डॉ. मोहम्मद फुरकान मलिक, डॉ. गजाला अहमद, डॉ. बबीता सिंह, डॉ. प्रियंका अग्रवाल, डॉ. ज्योति चंदेल, डॉ. जूही गोविंदानी एवं डॉ. प्रियल चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related posts