Mahindra Scorpio-N खरीदने से पहले जान लें EMI का पूरा गणित, वरना बिगड़ सकता है आपका बजट

नई दिल्ली: दमदार लुक, पावरफुल इंजन और शानदार फीचर्स के चलते Mahindra Scorpio-N भारतीय SUV बाजार में युवाओं और परिवारों की पहली पसंद बनी हुई है। लेकिन अक्सर लोग गाड़ी का सपना देखते-देखते बिना सही प्लानिंग के फाइनेंस कर लेते हैं, जिससे बाद में भारी EMI का बोझ मासिक बजट बिगाड़ देता है।

Scorpio-N की कीमत कितनी है?

महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन की एक्स-शोरूम कीमत बेस मॉडल (Z2) के लिए लगभग 13.49 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि टॉप मॉडल (Z8 L) की कीमत 24.95 लाख रुपये तक जाती है। ऑन-रोड कीमत की बात करें तो यह वेरिएंट और शहर के हिसाब से करीब 16 लाख रुपये से शुरू होकर 30 लाख रुपये से भी ज्यादा हो सकती है।

EMI का पूरा हिसाब समझिए

अगर मान लिया जाए कि स्कॉर्पियो-एन का बेस मॉडल जिसकी ऑन-रोड कीमत लगभग 16 लाख रुपये है, उसे खरीदा जाता है। इसमें 3 लाख रुपये का डाउन पेमेंट देने के बाद करीब 13 लाख रुपये का कार लोन लेना होगा। अगर यह लोन 9.5% ब्याज दर पर 5 साल के लिए लिया जाए तो मासिक EMI करीब 27,300 रुपये बनेगी। वहीं अगर लोन अवधि 7 साल की कर दी जाए तो EMI घटकर लगभग 21,300 रुपये हो जाएगी, लेकिन कुल ब्याज ज्यादा देना पड़ेगा।

गाड़ी खरीदने के लिए कितनी सैलरी जरूरी है?

फाइनेंस एक्सपर्ट्स के मुताबिक, किसी भी कार की EMI आपकी इन-हैंड सैलरी के 20 से 25 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा ईंधन, मेंटेनेंस और सर्विसिंग जैसे खर्चों के लिए हर महीने करीब 5,000 से 8,000 रुपये अलग से रखने चाहिए। इस हिसाब से अगर EMI लगभग 27,300 रुपये है, तो बिना किसी वित्तीय दबाव के इस गाड़ी को खरीदने के लिए आपकी मासिक इन-हैंड सैलरी कम से कम 1.10 लाख से 1.20 लाख रुपये होनी चाहिए।

सही प्लानिंग से ही बनेगा कार का सपना हकीकत

Scorpio-N जैसी SUV खरीदना एक बड़ा वित्तीय निर्णय है, इसलिए केवल गाड़ी की पसंद नहीं बल्कि EMI, लोन अवधि और मासिक बजट को ध्यान में रखकर ही फैसला लेना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह का आर्थिक दबाव न बने।

 

Related posts