केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्रालय के उप सचिव ने अधिकारियों के साथ की बैठक

उन्नाव। फाइलेरिया (हाथीपांव) के उन्मूलन के लिए 19 नवंबर से औरास और हसनगंज ब्लॉक में शुरू हुए सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के उप सचिव दीप पंत के नेतृत्व में केंद्रीय टीम ने दो दिवसीय जनपद भ्रमण किया। टीम में भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय के कंसल्टेंट (एंटोमोलॉजिस्ट) आशीष बाजपेयी और मूल्यांकन अधिकारी शुभम जैन शामिल रहे।


टीम ने जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा के साथ अभियान की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रवासी और दवा सेवन से इनकार करने वाले लोगों तक पहुंचने के लिए विकास खंड अधिकारियों(बीडीओ) और ग्राम प्रधानों का सहयोग लिया जाए। ऐसे सभी पात्र लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित कर दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए।


श्री पंत ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और प्रत्येक पात्र व्यक्ति द्वारा दवा का सेवन आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सहयोग करने और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भ्रमण के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने अभियान के शुभारंभ के अवसर पर हसनगंज में मुख्य विकास अधिकारी शालिनी तोमर और अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की। टीम ने दो दिनों में हसनगंज ब्लॉक के मौला बांकीपुर और औरास ब्लॉक के जमालनगर गांव का भी भ्रमण किया। इस दौरान आमजन को फाइलेरिया के कारणों, दुष्प्रभावों, बचाव और उन्मूलन के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि फाइलेरिया से बचाव के लिए अभियान के तहत दी जा रही दवाओं का निर्धारित खुराक में सेवन करना जरूरी है।


इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उत्तर प्रदेश शासन की रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) के प्रमुख डॉ. जितेंद्र तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक तथा सहयोगी संस्थाओं विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कन्सर्न (पीसीआई) और सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts