आर एस इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन……..

उन्नाव, बांगरमऊ नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के संकल्प के साथ सोमवार को आरएस इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में छात्राओं को न सिर्फ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि मुसीबत में मदद के हर रास्ते से भी रूबरू कराया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडेय, इंस्पेक्टर क्राइम रामनारायण यादव एवं मिशन शक्ति महिला पुलिस विंग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस टीम ने छात्राओं को आपात स्थिति में काम आने वाले महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपात सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930। कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित है, जहां कोई भी पीड़ित महिला बेझिझक अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। वहीं इंस्पेक्टर क्राइम रामनारायण यादव ने बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर छात्राओं को सतर्क किया।

इस दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वेदिका गुप्ता, आलिमा, शगुन, खदीजा और आख्या ने नारी सुरक्षा को लेकर टीम से कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सहजता से जवाब दिया। अंत में विद्यालय प्रबंधक रिजवान अहमद ने पुलिस टीम का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक अर्सलान ने किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य संतोष कुमार, उपप्रधानाचार्य अंजू बाजपेई, कोऑर्डिनेटर आमिर अहमद सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Related posts