रायबरेली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। जिले की सीमा चुरूवा बॉर्डर से लेकर बछरावां तक कार्यकर्ता सड़क किनारे जुटे रहे। कई जगह पुष्पवर्षा कर अखिलेश यादव के समर्थन में नारे लगाए गए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नाम के भी नारे सुनाई दिए।
अखिलेश यादव के काफिले के बछरावां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। कार्यकर्ता अपने नेता की एक झलक पाने और स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में मौजूद रहे। स्वागत के लिए जगह-जगह तैयारियां की गई थीं। PDA यात्रा के दौरान पुष्पवर्षा के लिए JCB और क्रेन की भी व्यवस्था की गई है।
चुरूवा बॉर्डर से शुरू हुआ स्वागत
अखिलेश यादव के रायबरेली जिले की सीमा में प्रवेश करते ही चुरूवा बॉर्डर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद बछरावां कस्बे तक अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और नारेबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया।
सपा कार्यकर्ताओं ने इस स्वागत को पार्टी की एकजुटता और उत्साह के प्रदर्शन के तौर पर लिया। अखिलेश यादव के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से जिले में पार्टी की गतिविधियां भी बढ़ी हुई नजर आईं।
पहली बार PDA रथ से विधानसभा चुनाव की तैयारी
अखिलेश यादव रायबरेली से पहली बार PDA रथ यात्रा के जरिए विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने निकले हैं। रायबरेली कांग्रेस का मजबूत आधार रहा है और यहां से यात्रा की शुरुआत कर सपा अपने राजनीतिक संदेश को सामने रखने की कोशिश कर रही है।
रायबरेली में 17 सितंबर को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद जिले में छात्र और युवा राजनीति से जुड़ी गतिविधियां भी तेज हुई हैं। विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। सपा नेताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।
राहुल लोधी के घर करीब साढ़े तीन घंटे रुकेंगे
अखिलेश यादव और अन्य सपा नेता रथ से रायबरेली में घंटाघर चौराहे के पास हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेंगे। यहां अखिलेश यादव करीब साढ़े तीन घंटे रुकेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
इस दौरान अखिलेश यादव PDA रथ के जरिए अपनी यात्रा का संदेश देने के साथ रायबरेली में संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। छात्र संगठनों के बीच हुए विवाद को लेकर सपा नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने भी पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए थे।
अखिलेश यादव ने इस मामले को PDA से जुड़े मुद्दे के तौर पर पेश किया है। रायबरेली दौरे के दौरान पार्टी की ओर से इस मुद्दे को भी उठाया जा सकता है।
