उन्नाव में संपत्ति विवाद को लेकर मां-बेटी पर हमले का आरोप, पुलिस से मांगी सुरक्षा……

उन्नाव । पुरवा कोतवाली क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 50 प्रतिशत दिव्यांग महिला ने अपने परिजनों पर जानलेवा हमला करने, जान से मारने की धमकी देने और मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर अपनी और अपनी वृद्ध विधवा मां की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, मां-बेटी के परिवार में एक बीघा दो बिस्वा कृषि भूमि और पुराने मकान को लेकर विवाद चल रहा है। महिला का कहना है कि उसकी दिव्यांगता को देखते हुए मां ने रजिस्ट्रीकृत दानपत्र के माध्यम से संपत्ति उसके नाम कर दी थी। वह पिछले करीब 15 वर्षों से पति से अलग रहकर अपने माता-पिता की देखभाल कर रही थी। करीब 17 महीने पहले उसके पिता की ट्रक दुर्घटना में मौत हो गई थी।

पीड़िता का आरोप है कि 3 अक्टूबर 2026 को संपत्ति विवाद में उस पर और उसकी मां पर जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद जान से मारने की धमकी भी दी गई। भय के कारण दोनों गांव छोड़कर परिचितों के यहां रहने को मजबूर हैं। आरोप है कि उनके घर पर कब्जा कर लिया गया है और घर में रखे रुपये व जरूरी सामान भी नहीं निकालने दिया जा रहा है।

महिला ने पुलिस से सुरक्षा देने, मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने और पुलिस की मौजूदगी में घर से रुपये व जरूरी सामान दिलाने की मांग की है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Related posts