लखनऊ में महिला पर जानलेवा हमला, शिकायत करने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र से एक महिला के साथ कथित मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता फरहीन बानों ने आरोप लगाया है कि उनके रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पीड़िता फरहीन बानों, पत्नी साबिर अली, निवासी संजय गांधी सेक्टर-पी रोड, मकान संख्या 4/67, थाना हुसैनगंज ने आरोप लगाया है कि 18 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे उनके घर पर रिश्ते में फुफेरे लगने वाले इमरान हुसैन निवासी उबैदुल्लागंज, आबाद राजमी और उनके परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने कुठार, लात-घूंसों से उनकी पिटाई की, जिससे उनके सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं और वह घायल हो गईं।

शिकायत करने पर हत्या की धमकी देने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। महिला के मुताबिक आरोपियों ने कहा कि यदि उन्होंने थाना, चौकी या किसी अन्य जगह शिकायत की तो उन्हें और उनके परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। आरोप है कि दबंगों ने यह भी कहा कि “थाना-चौकी सब हमारी मुट्ठी में है, कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”

बुलडोजर और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी

महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने अपनी पहुंच और पैसे का हवाला देते हुए गांव में बुलडोजर चलवाने और झूठे मुकदमों में फंसाकर पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने यह तक कहा कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो वह जान से भी हाथ धो सकती हैं।

परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई आशंका

पीड़िता ने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई है। उन्होंने कहा है कि यदि उनके परिवार के किसी भी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शिकायत में नामजद लोगों की होगी।

एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग

महिला ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी अपील की है। पीड़िता का कहना है कि वह न्याय की उम्मीद लेकर प्रशासन के सामने पहुंची हैं और उन्हें सुरक्षा के साथ निष्पक्ष कार्रवाई की आवश्यकता है।

 

Related posts