उन्नाव में मिशन शक्ति-6.0 के तहत 7 उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान, शॉल और स्मृति चिह्न देकर किया प्रोत्साहित…….

उन्नाव में मिशन शक्ति-6.0 के तहत 7 उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान, शॉल और स्मृति चिह्न देकर किया प्रोत्साहित

महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, चिकित्सा, पशु सेवा और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को मिला सम्मान

उन्नाव । महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन, उन्नाव में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली सात महिलाओं को शॉल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल और क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समाजसेवा से लेकर पुलिस सेवा तक, 7 महिलाओं को मिला सम्मान

सम्मानित होने वाली महिलाओं में परिवार परामर्श केंद्र की सलाहकार शिल्पी श्रीवास्तव को पारिवारिक समस्याओं के समाधान और समाजसेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. वत्सला परिहार को गरीब एवं असहाय महिलाओं की चिकित्सा सहायता और निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के आयोजन के लिए सम्मान मिला।

पशु सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अल्पना को सम्मानित किया गया। वहीं, आशिया मिर्जा को बालिकाओं को सौंदर्य प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने और जरूरतमंद युवतियों के विवाह में निःशुल्क दुल्हन का श्रृंगार करने के लिए सम्मानित किया गया।

एक्सेल नर्सिंग कॉलेज, अकरमपुर की प्रधानाचार्य सिम्मी को युवतियों को नर्सिंग प्रशिक्षण देने, वृक्षारोपण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, उन्नाव की प्रधानाचार्य डॉ. किरण भारती को बालिका शिक्षा एवं समाजसेवा में योगदान के लिए सम्मान मिला।

वहीं, थाना औरास में तैनात महिला आरक्षी आरती राजभर को पुलिस सेवा के साथ पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक अर्जित करने के लिए सम्मानित किया गया।

महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के महत्व पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की आवश्यकता को रेखांकित किया।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने और समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी को भी किया सम्मानित

समारोह के दौरान जिलाधिकारी घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पुलिस परिवार की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी घनश्याम मीणा को भी पुलिस परिवार की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान किया।

कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वयन में प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय और महिला मुख्य आरक्षी दिव्या अवस्थी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts