नई दिल्ली: सऊदी अरब में कई ठिकानों पर हुए हूती हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति गंभीर हो गई है। राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई जगहों पर धमाकों के बाद दिल्ली से रियाद जा रही एअर इंडिया की उड़ान AI2243 को रास्ते से ही वापस दिल्ली मोड़ दिया गया। सुरक्षा कारणों से एअर इंडिया, इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। प्रभावित यात्रियों को पूरी रकम वापस करने की बात एयरलाइंस की ओर से कही गई है।
अरब सागर के ऊपर से दिल्ली लौटाई गई फ्लाइट
एअर इंडिया की उड़ान AI2243 दिल्ली से रियाद के लिए रवाना हुई थी। विमान गुजरात के ऊपर से होते हुए दक्षिण दिशा में अरब सागर के ऊपर पहुंच चुका था। इसके बाद पायलटों ने सुरक्षा स्थिति को देखते हुए विमान का रुख बदल दिया और उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया।
रियाद में सुरक्षा हालात को देखते हुए एयरलाइंस ने वहां जाने वाली उड़ानों को फिलहाल रोक दिया है। यात्रियों को उनकी बुकिंग के संबंध में आगे की जानकारी एयरलाइंस की ओर से दी जाएगी।
भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
सऊदी अरब की मौजूदा स्थिति को देखते हुए रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने भारतीयों को सतर्क रहने, जरूरत के अनुसार घर के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों की ओर से आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
भारतीय नागरिकों से यह भी कहा गया है कि वे मौजूदा घटनाक्रम से जुड़े किसी भी वीडियो या खबर को आगे साझा या दोबारा पोस्ट न करें।
दूतावास और कॉन्सुलेट की सेवाएं सामान्य
भारतीय दूतावास के मुताबिक रियाद में दूतावास और जेद्दा में कॉन्सुलेट के साथ-साथ वीएफएस के जरिए मिलने वाली आउटसोर्स्ड सेवाएं सामान्य तरीके से चल रही हैं। जरूरत पड़ने पर दूतावास की ओर से आगे भी अपडेट और एडवाइजरी जारी की जाएगी।
प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र की 24 घंटे और सातों दिन चलने वाली टोल फ्री हेल्पलाइन 8002471234 भी उपलब्ध है। भारतीय समुदाय को अपडेट के लिए दूतावास के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
किंग खालिद एयरपोर्ट भी हुआ बंद
रियाद में एक के बाद एक कई धमाकों की खबर सामने आई। इसी दौरान किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी बड़ा धमाका हुआ। फ्लाइट ट्रैकिंग सर्विस के मुताबिक, धमाके के बाद एयरपोर्ट को दोबारा बंद कर दिया गया।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं। हमले की जिम्मेदारी हूतियों ने ली है।
भारत ने हमलों की कड़ी निंदा की
भारत ने रियाद के आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमलों की निंदा की है। भारत ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है।
विदेश मंत्रालय ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। भारत ने कहा कि वह सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है।
