मोतीनगर में प्लाट में नाली का पानी बहाने को लेकर दो पक्ष भिड़े … दोनों पक्षों ने दी तहरीर


उन्नाव‌ । शहर के मोतीनगर मोहल्ले में खाली प्लाट में नाली का पानी बहाने को लेकर रविवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में कपड़ा व्यापारी राम तनेजा और उनके पुत्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष अखिलेश अवस्थी समेत सैकड़ों व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


राम तनेजा की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रविवार दोपहर उनका पुत्र प्लाट की नपाई के लिए गया था। प्लाट में नाली का पानी बहने पर उसने राजेंद्र यादव और उनके पुत्र देवेंद्र यादव से पानी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर राम तनेजा अपने भाई के साथ मौके पर पहुंचे।


आरोप है कि वहां राजेंद्र यादव, देवेंद्र यादव और उनके साथ मौजूद चार-पांच लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में राम तनेजा और उनके पुत्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। तहरीर में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही आरोप लगाया गया कि हमलावर दुकान में रखे करीब 70 हजार रुपये भी उठा ले गए।


घटना के बाद व्यापारी पक्ष के लोग घायल राम तनेजा और उनके पुत्र के साथ कोतवाली पहुंचे। व्यापार मंडल अध्यक्ष अखिलेश अवस्थी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी भी कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया।


दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट और रुपये मांगने का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष से राजेंद्र यादव ने भी पुलिस को तहरीर दी है। इसमें राम तनेजा और उनके साथ 30-35 लोगों पर मारपीट करने, परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता व मारपीट करने तथा रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। दूसरे पक्ष ने भी कार्रवाई की मांग की है।
दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया


कोतवाली निरीक्षक चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related posts