लखनऊ: उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी और उमस परेशान कर रही है, जबकि रात में तापमान गिरने से ठंडक का एहसास बढ़ गया है। दिन और रात के तापमान में अंतर लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल आज और कल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 7 और 8 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात हो सकता है।
दिन में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ रहा है, लेकिन शाम होते ही इसमें गिरावट शुरू हो जाती है। रात के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट महसूस की जा रही है। ग्रामीण और खुले इलाकों में देर रात के बाद ठंडक का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। ओस पड़ने से भी रात के मौसम में ठंडक बढ़ गई है। सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने लगा है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट हो सकती है। 10 अक्टूबर के बाद ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।
दिन में गर्मी, सुबह-रात में बढ़ेगी ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिन में तेज धूप और गर्मी का असर बना रह सकता है। हालांकि सुबह और रात के समय ठंडक लगातार बढ़ती जाएगी। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण एक ही दिन में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। दिन में तेज गर्मी परेशान कर रही है, वहीं रात में तापमान गिरने से ठंडक महसूस होने लगी है।
फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है। ऐसे में दिन के समय गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है। दूसरी ओर रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने से ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।
7 और 8 अक्टूबर को फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार 6 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है। इसके बाद 7 और 8 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात हो सकता है।
मौसम में इस बदलाव को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने यलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट का असर और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
