उन्नाव। नवाबगंज बहेरिया खुर्द/कटहरु। ग्राम बहेरिया खुर्द, पोस्ट कटहरु में लेट्स गिव होप फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई तथा आवश्यक दवाओं का लाभ उठाया। शिविर के सफल आयोजन में शिवम पाल एवं धर्मेंद्र सिंह यादव की प्रमुख भूमिका रही। ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जांच मशीनों के संचालन के लिए विद्युत आपूर्ति बेहद महत्वपूर्ण थी। ऐसे समय में विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराए जाने से स्वास्थ्य जांच का कार्य सुचारु रूप से चलता रहा। इससे ग्रामीणों को समय पर विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच कराने में काफी सुविधा मिली। विद्युत विभाग की इस सहयोगात्मक भूमिका की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना था कि स्वास्थ्य शिविर में जहां उन्हें निःशुल्क जांच और दवा का लाभ मिला, वहीं बिजली की निर्बाध व्यवस्था ने शिविर को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर लेट्स गिव होप फाउंडेशन के इस सराहनीय प्रयास के लिए हृदय से धन्यवाद दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाले ऐसे शिविर समाज के लिए उम्मीद की किरण हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन होते रहने चाहिए।
