प्रतापगढ़: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने रामकथा के आयोजन का विरोध करने वालों को दो टूक जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान सभी को अपने धर्म के प्रचार का अधिकार देता है। अगर रामकथा पर रोक लगाई जाती है तो नमाज और चर्च में होने वाली प्रार्थना पर भी रोक लगनी चाहिए। वह अपना काम कर रहे हैं और कथा का आयोजन लगातार जारी रखेंगे। बेंती स्थित राजभवन में श्रीराम कथा के बाद देर रात पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ये बातें कहीं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि रामकथा को लेकर कौन क्या कह रहा है, वह इस पर ध्यान नहीं देते। जब वह रामकथा करने निकले हैं तो स्वाभाविक है कि कुछ लोग विरोध में अपनी बात रखेंगे। विरोध करने वाले अपना काम करें और वह कथा के जरिए अपना काम करते रहेंगे। उन्होंने दोहराया कि संविधान में सभी को अपने धर्म के प्रचार का अधिकार है, इसलिए रामकथा को रोका नहीं जा सकता।
‘कथा को चुनाव से जोड़ना स्वाभाविक’
चुनावी साल में अधिक रामकथाओं के आयोजन को लेकर पूछे गए सवाल पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनकी कथाएं पूरे पांच साल चलती रहती हैं। इस बार चुनावी वर्ष होने के कारण स्वाभाविक रूप से कथा को चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कथा कहने और सुनने वालों के साथ इससे जुड़े बहुत से लोगों को फायदा होता है। उनका उद्देश्य सनातन को एकजुट करना है।
भारत के पुनः विभाजन से जुड़े अपने पूर्व के बयान पर उन्होंने कहा कि यह बात उन्होंने उन लोगों के संदर्भ में कही थी, जिन्हें आज भारत में डर लगता है। उन्होंने कहा कि अगर सबकी सहमति हो तो ऐसे लोगों को अलग किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में रह रहे बहुत से हिंदुओं को भारत आना चाहिए।
‘मेरे लिए यदुवंशी और रघुवंशी एक’
यादव और कृष्ण भक्ति से जुड़े सवाल पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनके लिए यदुवंशी और रघुवंशी एक हैं। वह खुद कृष्ण भक्त हैं और कृष्ण उनके नाम में भी हैं। उन्होंने कहा कि वह यादव में माधव और माधव में यादव देखते हैं।
अपने उस बयान पर उठे विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी पूरी बात नहीं सुनी गई। बयान के कुछ हिस्से काटकर पेश किए गए और उन्हें मुद्दा बना दिया गया। हालांकि, उन्होंने इसके लिए माफी भी मांग ली थी।
भानवी सिंह ने रामकथा में शामिल होने की जताई इच्छा
उधर, कुंडा के बेंती राजभवन में हो रही श्रीराम कथा को लेकर राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी ने भी अपनी इच्छा जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक पोस्ट लिखकर ससुराल जाकर रामकथा सुनने और धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन करने की इच्छा जताई है।
भानवी सिंह ने इसके लिए अपने ‘हजूर’ यानी रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से अवसर देने की उम्मीद भी जताई है।
‘कृष्ण भक्त हैं तो सपरिवार मथुरा चलें अखिलेश’
इस बीच, देवघर से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव वास्तव में कृष्ण भक्त हैं तो उन्हें सपरिवार मथुरा चलना चाहिए। निशिकांत दुबे ने कहा कि मथुरा की मुक्ति के लिए जो भी प्रयास करना होगा, उसमें सभी सामूहिक रूप से सहयोग करेंगे। उन्होंने खुद को राम और कृष्ण दोनों का भक्त बताया।
