नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लुटियंस दिल्ली में रविवार को लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन जारी रहा। जंतर-मंतर और इंडिया गेट के आसपास प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की हुई। बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
आप और आइसा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने कड़ी सुरक्षा और कई स्तर की बैरिकेडिंग के बीच जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की कोशिश की। वहीं, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इंडिया गेट की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे।
दोपहर से शाम तक अशोक मार्ग स्थित आंध्र भवन सर्कल और जनपथ रोड पर जंतर-मंतर के पास आप और आइसा के अलग-अलग प्रदर्शन हुए। आप कार्यकर्ताओं को हल्की झड़प के बाद पुलिस ने हैदराबाद हाउस के पास हिरासत में लिया। इनमें विधायक कुलदीप कुमार और संजीव झा समेत अन्य नेता शामिल थे।
बैरिकेड तोड़कर जंतर-मंतर की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी
आइसा से जुड़े छात्र आंध्र भवन से प्लेकार्ड लेकर और नारेबाजी करते हुए अशोक रोड के रास्ते जंतर-मंतर के करीब पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड का एक घेरा तोड़ दिया, जबकि सुरक्षाकर्मियों ने दूसरे बैरिकेड पर उन्हें रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उन्हें कई अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन के दौरान बसों के शीशे तोड़कर प्रदर्शनकारियों के बाहर निकलने की बात भी सामने आई।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
आइसा ने शनिवार के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी के आरोप लगाए थे। संगठन ने इस मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। रविवार को भी आइसा की ओर से पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया गया।
