दीपावली-छठ पर यूपी से चलेंगी 44 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें, बिहार-पंजाब से दिल्ली-जम्मू तक के यात्रियों को राहत; देखें पूरा शेड्यूल

बरेली: दीपावली, दशहरा और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन तेज कर दिया है। अक्टूबर और नवंबर में यूपी से होकर 44 से अधिक स्पेशल ट्रेनें गुजरेंगी। इन ट्रेनों के जरिए बिहार, पंजाब, दिल्ली और जम्मू समेत कई रूटों पर यात्रियों को त्योहार के दौरान घर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

त्योहारों को लेकर नियमित ट्रेनों में अभी से टिकटों की मांग काफी बढ़ गई है। कुंभ, अमृतसर-हावड़ा, जनता, श्रमजीवी, काशी विश्वनाथ, गरीब रथ, गरीब नवाज और लखनऊ-चंडीगढ़ जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकट को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। 10 अक्टूबर के बाद कई ट्रेनों में नो रूम और रिग्रेट की स्थिति दिखाई देने लगी है।

कौन-कौन सी स्पेशल ट्रेनें चलेंगीं?

रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, एक अक्टूबर से 27 नवंबर तक गुरुवार और शुक्रवार को 04512 चंडीगढ़-पटना-चंडीगढ़ स्पेशल और 04511 पटना-चंडीगढ़-पटना स्पेशल चलेगी।

7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को 05005 बरहनी-जालंधर सिटी-बरहनी स्पेशल और 05006 जालंधर सिटी-बरहनी-जालंधर स्पेशल का संचालन होगा।

1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को 04829 जोधपुर-गोरखपुर-जोधपुर स्पेशल और 04830 गोरखपुर-जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल चलेगी।

4 अक्टूबर से 12 दिसंबर तक प्रत्येक रविवार और मंगलवार को 04604 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-वाराणसी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल और 04603 वाराणसी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-वाराणसी स्पेशल का संचालन किया जाएगा।

1 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को 04610 जम्मूतवी-वाराणसी-जम्मूतवी स्पेशल और 04609 वाराणसी-जम्मूतवी-वाराणसी स्पेशल चलेगी।

6 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को 04616 फिरोजपुर कैंट-पटना-फिरोजपुर स्पेशल और 04615 पटना-फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल चलाई जाएगी।

वाराणसी से चंडीगढ़ और आनंद विहार के लिए भी ट्रेनें

1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक गुरुवार, शुक्रवार, रविवार और सोमवार को 04227 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल और 04228 चंडीगढ़-वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल चलेगी।

10 अक्टूबर से 8 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को 04407 आनंद विहार टर्मिनल-जोगबानी-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल और 04408 जोगबानी-आनंद विहार टर्मिनल-जोगबानी स्पेशल का संचालन होगा।

13 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को 04028 आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल और 04027 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर स्पेशल चलेगी।

15 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को 04010 समस्तीपुर-दिल्ली-समस्तीपुर स्पेशल और 04009 दिल्ली-समस्तीपुर-दिल्ली स्पेशल का संचालन किया जाएगा।

त्योहारों में हवाई सफर भी पड़ेगा महंगा

त्योहारों के दौरान सिर्फ ट्रेनों में ही नहीं, बल्कि हवाई यात्रा में भी यात्रियों को ज्यादा किराया चुकाना पड़ सकता है। दीपावली, छठ पूजा और दशहरा की छुट्टियों को देखते हुए लोगों ने दिल्ली, बेंगलुरु, नवी मुंबई और जेवर के लिए अभी से टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है।

आमतौर पर बरेली से इन शहरों के लिए हवाई टिकट का किराया करीब 7 से 8 हजार रुपये रहता है, लेकिन नवंबर के पहले सप्ताह में यही किराया बढ़कर 12 से 16 हजार रुपये तक पहुंच रहा है।

बरेली से बड़ी संख्या में युवा करते हैं दूसरे शहरों में काम

दिल्ली, मुंबई, नोएडा और बेंगलुरु में बरेली के हजारों युवा आईटी सेक्टर में काम करते हैं। बड़े त्योहारों पर इनमें से बड़ी संख्या में लोग फ्लाइट से अपने घर लौटते हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने और सीटों की सीमित उपलब्धता के कारण त्योहारों के दौरान हवाई टिकट महंगे हो जाते हैं।

Related posts