कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक निजी स्कूल के मैनेजर पर शिक्षिका से आपत्तिजनक मांग करने का आरोप लगा है। शिक्षिका ने मैनेजर की बात का कड़ा विरोध किया और उसे मर्यादा में रहने की नसीहत दी। दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शिक्षिका की तहरीर पर केस दर्ज करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह मामला रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय स्थित एक निजी स्कूल का बताया जा रहा है। गुरुवार को शिक्षिका और स्कूल मैनेजर के बीच बातचीत का पांच मिनट से अधिक अवधि का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में कुर्सी पर बैठा स्कूल प्रबंधक शिक्षिका से बेहद आपत्तिजनक बातें करता हुआ सुनाई दे रहा है। शिक्षिका उसकी बातों का विरोध करते हुए पूछती है कि “आपके पास वाइफ नहीं है?” इस पर मैनेजर अपनी पत्नी के बीमार होने की बात कहता है। शिक्षिका उसे दूसरी शादी करने की सलाह देती है।
शिक्षिका ने मैनेजर को जमकर सुनाई खरी-खोटी
वीडियो में मैनेजर कथित तौर पर यह कहता सुनाई देता है कि उसके एक बेटा और दो बेटियां हैं, ऐसे में शादी करने पर लोग क्या कहेंगे। इस पर शिक्षिका जवाब देती है कि वह भी किसी की बेटी है।
शिक्षिका मैनेजर पर गलत फायदा उठाने का आरोप लगाते हुए कहती है कि वह गलत कर रहा है। इसके बाद वह उसके व्यवहार पर नाराजगी जाहिर करती है और कहती है कि उसके मन में गंदगी भर गई है। शिक्षिका के कड़े विरोध के बावजूद मैनेजर कथित तौर पर अपनी बात रखता रहता है।
बातचीत के दौरान शिक्षिका ने आपत्तिजनक प्रस्ताव का विरोध करते हुए मैनेजर को मर्यादा में रहने की बात कही। अंत में वह कमरे से बाहर निकल गई। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रविंद्रनगर थाने की पुलिस टीम स्कूल पहुंची। पुलिस ने शिक्षिका से संपर्क कर उसकी तहरीर ली और आरोपी मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी मैनेजर दिनेश राय पुत्र शारदा राय, निवासी मोतीछापर, थाना रविंद्रनगर धूस को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा- मामले की जांच जारी
रविंद्रनगर धूस के थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए मामला सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपी प्रबंधक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
जुलाई में भी सामने आया था ऐसा मामला
कुशीनगर में इसी साल जुलाई में एक कोचिंग शिक्षक पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। सेवरही कस्बे स्थित कोचिंग सेंटर की छात्रा ने शिक्षक पर कथित आपत्तिजनक हरकतें करने का आरोप लगाया था।
मामला सामने आने के बाद छात्रा के परिवार वालों ने भी उसका साथ दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया था।
