चंपत राय पर केशव मौर्य का बड़ा बयान, बोले- ‘बेदाग थे, बेदाग हैं और बेदाग रहेंगे’; राम मंदिर दान मामले पर विपक्ष को घेरा

प्रयागराज: राम मंदिर दान चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित नई विशेष जांच टीम की रिपोर्ट आने से पहले ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का खुलकर बचाव किया है। उन्होंने कहा कि चंपत राय बेदाग थे, बेदाग हैं और बेदाग रहेंगे। केशव मौर्य ने यह भी कहा कि चोरी करने वाले लोग पकड़े जा चुके हैं और जेल में हैं, जबकि बाकी मामले की जांच जारी है।

चंपत राय को लेकर केशव मौर्य ने क्या कहा

प्रयागराज में सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मीडिया में चल रही चर्चाओं के आधार पर किसी व्यक्ति के बारे में निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए। चंपत राय का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि रामलला के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाला कोई कार्यकर्ता मंदिर के चढ़ावे में एक पैसे की भी चोरी नहीं कर सकता।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर दान से जुड़े मामले में जिन लोगों ने चोरी की है, वे पकड़े जा चुके हैं और जेल में हैं। बाकी मामले की जांच विशेष जांच टीम कर रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह पहले ही बता रहे हैं कि चंपत राय बेदाग थे, बेदाग हैं और बेदाग रहेंगे।

विपक्ष पर भी जमकर बरसे केशव मौर्य

समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों की ओर से राम मंदिर दान मामले पर सवाल उठाए जाने को लेकर केशव मौर्य ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के हाथ रामभक्तों के खून से रंगे हैं, वही अब सवाल उठा रहे हैं। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने न रामभक्तों को छोड़ा और न शिवभक्तों को।

केशव मौर्य ने दावा किया कि वर्ष 2027 में रामभक्त, साधु-संत और हिंदू समाज समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को ब्याज के साथ जवाब देंगे। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि इस मुद्दे पर चुनाव लड़कर देख लें, तब उन्हें स्थिति का पता चल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों द्वारा चोरी किए जाने की बात सामने आने से उन्हें तकलीफ हुई है।

अखिलेश यादव के मंदिर जाने पर भी कसा तंज

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सॉफ्ट हिंदुत्व की ओर बढ़ने और मंदिर जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर भी केशव मौर्य ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और हिंदुत्व का डर है, जिसकी वजह से अखिलेश यादव मंदिर जाने लगे हैं, नहीं तो अब तक इस्लाम कबूल कर चुके होते।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल अलग-अलग चुनाव लड़ें या मिलकर, उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष ने झूठ बोलकर जनता को भ्रमित किया था। उन्होंने भाजपा को बाबा साहेब और संविधान का सच्चा पुजारी बताया।

आरक्षण को लेकर केशव मौर्य ने दिया बड़ा बयान

जाति आधारित आरक्षण खत्म कर आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आरक्षण से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं होगी। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की स्थिति खराब होने का दावा किया।

राहुल गांधी पर भी हमला बोलते हुए केशव मौर्य ने उन्हें राहुल फिरोज खान गांधी कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी दादी को याद रखा, लेकिन दादा को भूल गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नाम अब इतिहास में दर्ज होने का समय आ गया है।

पीडीए को लेकर सपा पर साधा निशाना

अखिलेश यादव के पीडीए के नारे पर भी केशव मौर्य ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी पीडीए के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पीडीए का अर्थ गुंडागर्दी और भू-माफिया बताया तथा आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार में लुंगी छाप गुंडे खुलेआम घूमते थे।

केशव मौर्य ने कहा कि गुंडों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने से अखिलेश यादव को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से कोई नाराज नहीं है और विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर गरीब, पिछड़े और ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगाया और चुनौती दी कि सपा ब्राह्मण, अगड़ा, पिछड़ा और दलित किसी एक बूथ पर भी जीत दर्ज करके दिखाए।

 

Related posts