भगवान राम कलेवा लीला मंचन का शुभारंभ पूर्व राज्य मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया—

उन्नाव। बांगरमऊ नगर के मोहल्ला चौधराना स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में परंपरागत रामलीला महोत्सव के पंचम दिवस भगवान राम कलेवा लीला मंचन का शुभारंभ पूर्व राज्यमंत्री अरुण शंकर शुक्ला उर्फ अन्ना महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रामलीला समिति के अध्यक्ष चौधरी आशीष सिंह गोलू ने अंगवस्त्र व माला पहनाकर अन्ना महराज सहित सभी अतिथियों को सम्मानित किया।


कानपुर के रामलीला मंडल द्वारा पंचम दिवस भगवान राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न के कलेवा प्रसंग और राम वनवास के समय दशरथ विलाप का अत्यंत मार्मिक मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

राम की भूमिका में नमन तिवारी, लक्ष्मण के रूप में लखन तिवारी, जानकी के रूप में सागर तिवारी और जनक जी के रूप में के. के. चतुर्वेदी ने अपने आकर्षक अभिनय से दर्शकों की जमकर तालियां बटोरी। वहीं विश्वामित्र की भूमिका धनंजय शुक्ला, परशुराम की बुध धारी, व्यास जी की रोहित तिवारी, रावण की अमित बाजपेई तथा बाणासुर की भूमिका राम रस्तोगी ने निभाई। हास्य अभिनेता विकास मस्ताना ने हास्य और व्यंग्य के माध्यम से दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया।

जबकि तबले पर सोनू शर्मा ने सुरीली तान से संगत कर दर्शकों पर अमिट छाप छोड़ी। लीला में दिखाया गया कि जब महाराज दशरथ राम के राज्याभिषेक की तैयारी कर रहे थे, तभी कैकेयी ने राम को 14 वर्ष का वनवास और भरत को राजगद्दी का वरदान मांग लिया। वचनबद्ध राजा दशरथ अत्यंत विचलित हो गए। लेकिन अंततः प्रभु राम, सीता और लक्ष्मण सहित वनगमन के लिए प्रस्थान करते हैं। इस हृदयविदारक प्रसंग को देख पंडाल में बैठे सैकड़ों भक्तों के अश्रु धारा बह निकली।

अंत में समिति द्वारा अन्ना महाराज के साथ आए उनके सुपुत्र वरुण शंकर शुक्ल सहित संजीव तिवारी, संजीव शुक्ला, नूरा तिवारी, जुबेर खान प्रधान शेरपुर कला, अंजर अहमद, पप्पू त्रिवेदी, मनीष त्रिपाठी, सुनील मिश्रा, सुधांशु अग्निहोत्री, राजू मिश्रा, कृष्णकांत श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।

Related posts