उन्नाव।सोहरामऊ मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत थाना सोहरामऊ पुलिस ने मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बेसहारा एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन, फल और मिष्ठान वितरित किए। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द पाण्डेय की इस पहल से जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना और समाज में संवेदना एवं आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।
मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। थाना प्रभारी अरविन्द पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर सहायता का हाथ बढ़ाया।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम से उप निरीक्षक देशराज सिंह, मुख्य आरक्षी अशोक यादव, मुख्य आरक्षी जुगराज, मुख्य आरक्षी कम्प्यूटर आपरेटर किरन,साइबर हेल्पडेस्क के सत्यपाल सिंह तथा महिला आरक्षी उजाला त्यागी और नेहा शुक्ला मौजूद रहे। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की।
लोगों का कहना है कि ऐसे प्रयास समाज के कमजोर वर्गों में विश्वास जगाते हैं। यह पहल संदेश देती है कि वर्दी का सम्मान कानून की रक्षा के साथ मानवता, करुणा और जनसेवा से भी बढ़ता है।
