उन्नाव। बांगरमऊ जनपद के सभी 2740 मतदेय स्थलों पर 17 अक्टूबर (शनिवार) और 24 अक्टूबर (शनिवार) को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया हैं कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची से छूटे हुए पात्र नागरिकों और प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण करना है।
निर्धारित तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने-अपने मतदेय स्थल पर उपस्थित रहेंगे। कैंप में मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध रहेगा। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि एवं पते से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। नागरिकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने और सभी 2740 स्थलों पर कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त आवेदनों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा और संबंधित अधिकारी स्वयं कैंपों का निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जांच लें। नाम सम्मिलित न होने की स्थिति में पात्रता के अनुसार फार्म-6 भरकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।
इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसील स्तर पर तहसील कार्यालय / मतदाता पंजीकरण केन्द्रों पर भी हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इसके अलावा https://voters.eci.gov.in/ अथवा Voter Helpline App के माध्यम से भी फार्म 6, 7 तथा 8 भरे जा सकते हैं।
