आज से शुरू होगा ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान, गांव के सरकारी स्कूल से शुरुआत करेंगे कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके

महाराष्ट्र: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अब ग्रामीण सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर नया अभियान शुरू करने जा रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुरू किए जा रहे इस अभियान का नाम ‘स्कूल ठीक करो’ मिशन रखा गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार और व्यवस्था की जवाबदेही तय करना है। दीपके इसकी शुरुआत अपने गांव से ही कर रहे हैं।

अपने गांव के सरकारी स्कूल में किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अभिजीत दीपके अपने गांव के सरकारी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गांव आकर ध्वजारोहण करने का अवसर मिलना गर्व की बात है, लेकिन आजादी के 80 साल बाद भी बच्चों के लिए बेहतर स्कूल नहीं बना पाने की स्थिति दुखद है।

दीपके ने कहा कि अभियान के तहत कई टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें गांवों में जाकर स्थानीय लोगों और सरपंचों से सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाने का अनुरोध करेंगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सभी की भागीदारी से आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।

तिरंगा रैली के साथ शिक्षा पर भी ध्यान देने की अपील

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में आयोजित तिरंगा यात्रा रैली को लेकर सवाल पूछे जाने पर दीपके ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस तरह की रैलियां होनी चाहिए, लेकिन इसके साथ शिक्षा के मुद्दे पर भी ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे कई वीडियो मिल रहे हैं, जिनमें लड़कियां शिकायत कर रही हैं कि उन्हें स्कूल पहुंचने के लिए सात किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है और वहां तक जाने के लिए सड़क तक नहीं है। दीपके ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों तक पहुंच और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर सवाल उठाया।

दीपके ने पहले सोशल मीडिया पर भी उठाया था मुद्दा

अभिजीत दीपके ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ग्रामीण सरकारी स्कूलों की स्थिति पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि आजादी के 80 साल बाद गांवों के बच्चों को स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा था कि एक देश के रूप में ग्रामीण बच्चों को निराश किया गया है और इसी वजह से इस स्वतंत्रता दिवस पर कॉकरोच जनता पार्टी गांवों के सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करेगी।

 

Related posts