सुकवा डुकवा डैम में मिले 3 युवकों के शव नहाने के दौरान डूबने की आशंका….

झांसी। के सुकवा-डुकवा डैम में मिले 3 युवकों के शवः नहाने के दौरान डूबने की आशंका, बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से शिनाख्त की कोशिश
झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के बेतवा नदी पर बने सुकवा-डुकवा डैम में सोमवार सुबह तीन अज्ञात युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। डैम के नीचे बबीना-पूराकलां मार्ग पर पिछले दो दिनों से एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी थी। मृतकों के पास से कपड़े, मोबाइल या अन्य कोई भी सामान न मिलने के कारण मामला पेचीदा हो गया है। रहस्यमयी परिस्थितियों को देखते हुए कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।

ग्रामीणों ने देखे शव, पुलिस को सूचना दिया

सोमवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने डैम के पानी में अलग-अलग स्थानों पर शवों को उतराते देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बबीना पुलिस के साथ-साथ आसपास के कई थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया, जिनकी उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।मोबाइल और कपड़े गायब, बाइक मिली

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बबीना से पूराकलां की ओर जाने वाली सड़क पर, जो डैम के बिल्कुल नीचे है, एक मोटरसाइकिल पिछले दो दिनों से लावारिस हालत में खड़ी थी। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल या उसके आसपास मृतकों के कपड़े, मोबाइल, चप्पल या अन्य कोई भी निजी सामान बरामद नहीं हुआ है। सामान न मिलने से यह हादसा है या कुछ और, इसे लेकर सस्पेंस गहरा गया है।शिनाख्त और जांच में जुटी पुलिस

बबीना थाना प्रभारी राहुल सिंह राठौड़ ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस लावारिस मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर और आसपास के जिलों व थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्ड के जरिए मृतकों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

Related posts