अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार दीपोत्सव के 10वें संस्करण में 30 लाख दीये जलाने और 2,100 ड्रोन के जरिए आसमान में आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित करने की योजना है। आयोजन को खास बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष ‘दीपोत्सव अयोध्या’ टूर पैकेज भी तैयार किया है। इसके तहत देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक रामनगरी के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन के साथ दीपोत्सव की भव्यता का अनुभव कर सकेंगे।
6 से 8 नवंबर तक विशेष टूर पैकेज
यूपीएसटीडीसी का यह विशेष टूर पैकेज 6 नवंबर से 8 नवंबर तक दो रात और तीन दिन का होगा। इसके तहत पर्यटकों को अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ दीपोत्सव के विभिन्न आयोजनों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। इस पैकेज की कीमत प्रति व्यक्ति 16,999 रुपये निर्धारित की गई है।
यह पैकेज महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल सहित देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
30 लाख दीये और 2100 ड्रोन शो होंगे आकर्षण
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में 30 लाख दीयों की रोशनी से रामनगरी को सजाने की योजना है। इसके साथ ही 2,100 ड्रोन के माध्यम से आसमान में भव्य आकृतियां बनाई जाएंगी। सामूहिक सरयू आरती भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी, जिसमें 2,100 बटुक हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा 240 से अधिक मंदिरों और मठों में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो के जरिए भी दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाई जाएगी। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
पैकेज में होटल, भोजन और एसी वाहन की सुविधा
विशेष टूर पैकेज में पर्यटकों के लिए ट्विन-शेयरिंग आधार पर होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही भोजन और आवागमन के लिए एसी वाहन की सुविधा भी शामिल है। पैकेज के तहत श्रद्धालु प्रभु श्रीराम से जुड़े प्रमुख धार्मिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को अयोध्या के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराना है। साथ ही दीपोत्सव की भव्यता को करीब से अनुभव करने का अवसर उपलब्ध कराना भी इसका हिस्सा है।
अयोध्या में विकसित किए जा रहे नए पर्यटन आकर्षण
अयोध्या में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई नए आकर्षण भी विकसित किए जा रहे हैं। इनमें फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, एम्फीथिएटर और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं, जबकि गुप्तार घाट के सौंदर्यीकरण और उधैला झील में ईको-टूरिज्म के विकास पर भी काम किया जा रहा है।
अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार, दीपोत्सव ने पिछले वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रयास है कि अयोध्या आने वाले पर्यटक यहां से धार्मिक आस्था और दीपोत्सव की यादगार अनुभूतियां लेकर लौटें।
ऐसे कर सकते हैं टूर पैकेज की बुकिंग
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या घूमने की योजना बना रहे पर्यटक यूपीएसटीडीसी के जारी किए गए मोबाइल नंबर 8303019844 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर भी पैकेज से जुड़ी जानकारी और बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
