प्रयागराज में राहुल गांधी का युवाओं से बड़ा संवाद, बोले- ‘दर्द, डेटा और दौलत’ पर करूंगा बात; रोजगार से पेपर लीक तक उठाए मुद्दे

प्रयागराज: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज में बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की ताकत और भविष्य युवा हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अगर भारत आगे बढ़ेगा तो युवाओं की ताकत के दम पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं के दर्द, उनके डेटा और उस दौलत की बात करने की बात कही, जो उनके मुताबिक युवाओं की होनी चाहिए लेकिन दूसरों के पास है।

राहुल गांधी ने प्रयागराज को अपने परिवार से जुड़ा शहर बताते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें खुशी होती है। उन्होंने कहा कि यह शहर कभी ज्ञान का केंद्र हुआ करता था और इलाहाबाद विश्वविद्यालय देश की सबसे बेहतरीन विश्वविद्यालयों में शामिल था। उन्होंने कहा कि आज वह युवाओं से ‘दर्द, डेटा और दौलत’ के बारे में बात करना चाहते हैं।

‘40 करोड़ युवा इस देश में रहते हैं’

युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे भारत की शक्ति, शान और मजबूती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भीतर बुद्धिमत्ता, कल्पना और क्षमता है और देश का भविष्य इन्हीं की ताकत पर बनेगा।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है और देश में 40 करोड़ युवा रहते हैं। उन्होंने कहा कि चीन, अमेरिका और रूस की चर्चा होती है, लेकिन भारत के युवा सामर्थ्य के सामने ये सभी कुछ नहीं हैं।

‘युवा और डेटा 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था की ताकत’

राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी में किसी देश की प्रगति दो चीजों के आधार पर होगी। पहली युवाओं की क्षमता और दूसरी डेटा, जिसे युवा तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पास युवा शक्ति के साथ दुनिया में सबसे ज्यादा डेटा है।

उन्होंने कहा कि एक भारतीय प्रतिदिन एक गीगाबाइट डेटा का इस्तेमाल करता है और देश की प्रगति तथा भविष्य युवाओं की क्षमता और डेटा पर निर्भर करेगा।

‘आपके डेटा के बिना AI का कोई मतलब नहीं’

राहुल गांधी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता को लेकर कहा कि आज मीडिया में इसकी काफी चर्चा होती है, लेकिन युवाओं के डेटा के बिना इसका कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तैयार होती है तो वह युवाओं के डेटा के आधार पर तैयार होती है।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा और डेटा मिलकर 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था की ताकत बनते हैं।

शिक्षा, नौकरी और पेपर लीक का मुद्दा उठाया

राहुल गांधी ने युवाओं के सामने शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए परिवारों से करोड़ों रुपये लिए जाते हैं और उसके बाद प्रमाणपत्र दिया जाता है, लेकिन यही प्रमाणपत्र नौकरी दिलाने में सफल नहीं होता। उन्होंने पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अमीर बच्चे पेपर खरीद लेते हैं।

उन्होंने कहा कि युवा पढ़ाई करते हैं, मेहनत करते हैं और पैसा खर्च करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नौकरी नहीं मिलती। कार्यक्रम की शुरुआत में दो अभ्यर्थी मंच पर पहुंचे और उन्होंने राहुल गांधी को अपनी आपबीती सुनाई।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी वोट चोरी करवाती है और हर संस्था में आरएसएस के प्रचारक बैठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में रोजगार के सभी दरवाजे बंद हैं।

पटना के छात्रों ने लाठीचार्ज की बताई बात

कार्यक्रम के दौरान पटना से आए कई छात्रों ने राहुल गांधी को लाठीचार्ज के बारे में बताया। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि नफरत और हिंसा के जरिए काम नहीं किया जाएगा। उन्होंने छात्रों से कहा कि व्यवस्था को मोहब्बत के जरिए बदलना है और व्यवस्था को खत्म कर आगे बढ़ना है।

राहुल गांधी ने इससे पहले भी छात्रों के मुद्दों को लेकर कहा था कि उनके साथ अन्याय हुआ और उन्होंने हिंसा नहीं की।

 

Related posts