लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नीट पेपर लीक समेत हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष का उद्देश्य बहस नहीं बल्कि भ्रम फैलाना और व्यवधान उत्पन्न करना है।
‘सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार’
पंकज चौधरी ने कहा कि इससे पहले भी विपक्ष ने संविधान परिवर्तन और चुनावी सुधार जैसे विषयों पर देश में भ्रम फैलाने की कोशिश की थी। हालांकि सरकार ने संसद में विस्तृत चर्चा के जरिए सभी तथ्यों को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आज भी सरकार नीट पेपर लीक या किसी भी अन्य विषय पर चर्चा से पीछे नहीं हट रही है, लेकिन विपक्ष संसद नहीं चलने देना चाहता।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी के हालिया बयानों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के वक्तव्यों से ही स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष का मकसद चर्चा नहीं बल्कि व्यवधान पैदा करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए और कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी राजनीतिक दल ने प्रधानमंत्री आवास के सामने धरना दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश के होते हैं, किसी एक दल के नहीं। उनके मुताबिक, यह राजनीति का निम्नतम स्तर है और राहुल गांधी संसद की नहीं बल्कि कैमरे की राजनीति कर रहे हैं।
‘युवाओं का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता’
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा देश के युवाओं को किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि राष्ट्र का भविष्य मानती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी नीतियों के केंद्र में युवा शक्ति है। जैसे ही नीट परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिली, सरकार ने तत्काल परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा आयोजित कराई और उसका परिणाम भी घोषित किया जा चुका है।
पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के निर्देश
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मामलों में दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के निर्देश दिए हैं, ताकि मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
‘समाधान पर बात करे विपक्ष, राजनीति नहीं’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह समय छात्रों की समस्याओं के समाधान का है, न कि राजनीतिक लाभ लेने का। यदि विपक्ष के पास नीट और पेपर लीक से जुड़े मुद्दों पर कोई सुझाव हैं तो उन्हें संसद में चर्चा के दौरान रखना चाहिए। सरकार किसी भी नियम के तहत और जितनी देर तक चर्चा करनी हो, उसके लिए तैयार है।
कांग्रेस सरकार पर भी साधा निशाना
पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी कई बार पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए कड़े कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए हैं। कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और हाल के समय में अनेक परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से सफलतापूर्वक कराई गई हैं।
शिक्षा क्षेत्र में उपलब्धियां भी गिनाईं
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद देश में एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या तथा सीटों में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। सरकार का लक्ष्य शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, मजबूत और विश्वसनीय बनाना है।
विपक्ष से पूछे ये 4 सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान पंकज चौधरी ने विपक्ष के सामने चार सवाल भी रखे। उन्होंने पूछा कि यदि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है तो विपक्ष संसद क्यों नहीं चलने दे रहा है? राहुल गांधी संसद छोड़कर सड़क की राजनीति क्यों कर रहे हैं? युवाओं की समस्याओं के समाधान के बजाय उन पर राजनीति क्यों की जा रही है? और जब री-नीट सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, तब भी भ्रम फैलाने की राजनीति क्यों की जा रही है?
