बलिया में दिल दहला देने वाला हादसा! खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के तार ने ली पिता-पुत्र की जान, गांव में पसरा मातम

बलिया: जिले के बांसडीह क्षेत्र के सहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, सहपुरवा गांव निवासी 60 वर्षीय जनार्दन यादव अपने 24 वर्षीय पुत्र राजेश यादव के साथ खेत की ओर जा रहे थे। उनके खेत से करीब 10 मीटर पहले 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। सबसे आगे चल रहे राजेश यादव का अचानक उस तार से संपर्क हो गया और वह तेज करंट की चपेट में आकर छटपटाने लगा।

बेटे को बचाने दौड़े पिता भी नहीं बच सके

बेटे को तड़पता देख जनार्दन यादव उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन वह भी हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। तेज विद्युत प्रवाह के कारण पिता-पुत्र दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने घटना देख शोर मचाया और ग्रामीणों को मौके पर बुलाया।

बिजली कटने के बाद हटाए गए शव

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग और पुलिस को जानकारी दी। बिजली आपूर्ति बंद होने की पुष्टि के बाद ही दोनों के शवों को हाईटेंशन तार से अलग किया गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार बांसडीह नितिन सिंह और भाजपा नेता विश्राम सिंह भी मौके पर पहुंचे।

गांव में पसरा मातम

इस दर्दनाक हादसे के बाद सहपुरवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

 

Related posts