नई दिल्ली: नीट पेपर लीक को लेकर जारी प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जंतर-मंतर क्षेत्र में गुरुवार शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक 8 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। सरकारी आदेश के मुताबिक, जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में सभी तकनीकों पर आधारित मोबाइल इंटरनेट सेवाएं इस अवधि के दौरान बंद रहेंगी।
दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत जारी हुआ आदेश
गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या उकसावे की आशंका को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश दूरसंचार अधिनियम, 2023 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है और इसे केंद्रीय गृह सचिव की मंजूरी प्राप्त है।
NEET प्रदर्शन के बीच उठाया गया कदम
सरकारी आदेश के अनुसार, यह फैसला कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे लगातार प्रदर्शनों के मद्देनजर लिया गया है। बीते कुछ दिनों में जंतर-मंतर इलाके में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली थी। आदेश अंडर सेक्रेटरी महेंद्र विक्रम सिंह की ओर से जारी किया गया है और इसके पालन के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त को भेजा गया है।
मोबाइल इंटरनेट पूरी तरह रहेगा बंद
निर्धारित समय के दौरान प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इससे प्रदर्शनकारियों, मीडिया कर्मियों और आम लोगों की संचार व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। फिलहाल इंटरनेट सेवा निलंबित किए जाने के फैसले पर कोई नई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कनॉट प्लेस के कारोबारियों को भी जारी हुई एडवाइजरी
इसी बीच न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के निर्देश पर व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसोसिएशन ने सभी से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।
