UP Weather Alert: यूपी में अगले दो दिन मूसलाधार बारिश का अलर्ट, पश्चिमी जिलों में भारी बरसात के आसार; कई राज्यों के लिए भी चेतावनी

लखनऊ: देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अब राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों तक भी पहुंच गया है, जिसके साथ ही पूरे देश में मानसून का विस्तार हो गया है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 और 10 जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड में भी बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिमी यूपी में दो दिन भारी बारिश, पूर्वी हिस्सों में भी बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 13 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 12 से 15 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 14 से 15 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर

मौसम विभाग ने 9 से 12 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में व्यापक वर्षा की संभावना जताई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 15 जुलाई तक लगातार बारिश का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 9 और 10 जुलाई को अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान तथा पंजाब में भी आगामी दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई है।

आंधी, बिजली और तेज हवाओं का भी अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी राजस्थान में भी 9 जुलाई को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 9 और 10 जुलाई के दौरान भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

मध्य भारत में कुछ जगह कम होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार मध्य महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में 9 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9 जुलाई तथा पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 और 10 जुलाई को अच्छी बारिश का अनुमान है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी आगामी दिनों में व्यापक वर्षा की संभावना बनी हुई है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश की चेतावनी

अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, बिहार और ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उप-हिमालयी क्षेत्रों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 15 जुलाई के बीच व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। इन राज्यों में कई स्थानों पर आंधी, बिजली गिरने और कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

 

Related posts