अलविदा बशीर बद्र: उर्दू अदब का चमकता सितारा भोपाल में हुआ खामोश, मुशायरों की दुनिया में गहरा शोक

ज़िंदगी तू ने मुझे क़ब्र से कम दी है ज़मीं

पाँव फैलाऊँ तो दीवार में सर लगता है

भोपाल: उर्दू साहित्य जगत के प्रतिष्ठित शायर और पद्मश्री सम्मानित डॉ. बशीर बद्र का भोपाल में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे साहित्यिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहब्बत, इंसानियत और रिश्तों की नजाकत को अपनी शायरी में बेहद सादगी और गहराई से पेश करने वाले बशीर बद्र के जाने से उर्दू अदब को अपूरणीय क्षति हुई है।

शायर बशीर बद्र का झारखंड के धनबाद स्थित झरिया से भी गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने यहां आयोजित कई भव्य मुशायरों में शिरकत की थी, जिन्हें आज भी साहित्य प्रेमी याद करते हैं। चिल्ड्रन पार्क में आयोजित एक ऐतिहासिक मुशायरे में उन्होंने निदा फाजली और मेराज फैजाबादी जैसे दिग्गज शायरों के साथ मंच साझा किया था, जिसने उस दौर को यादगार बना दिया।

मुशायरों में बसी यादें और साहित्यिक सफर
धनबाद में 80 और 90 के दशक में आयोजित मुशायरों में बशीर बद्र की मौजूदगी को साहित्य जगत एक ऐतिहासिक दौर के रूप में देखता है। किड्स गार्डन स्कूल में आयोजित मुशायरे में भी उन्होंने शिरकत की थी, जहां देशभर के नामचीन शायरों के साथ उनकी शायरी की महफिल सजी थी। साहित्यकारों के अनुसार, जब भी बशीर बद्र मंच पर आते थे, पूरा माहौल अदब और शायरी से भर उठता था।

साहित्य जगत में शोक की लहर
उनके निधन की खबर के बाद देशभर के साहित्यकारों, कवियों और प्रशंसकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। स्थानीय साहित्यकारों का कहना है कि बशीर बद्र ने अपनी शायरी के जरिए मोहब्बत, तन्हाई और इंसानी जज्बात को जिस खूबसूरती से बयान किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

सरल भाषा में गहरी शायरी की पहचान
बशीर बद्र की शायरी की सबसे बड़ी खासियत उनकी सरल और आम भाषा थी, जिसमें गहरे अर्थ छिपे होते थे। उनकी मशहूर पंक्तियां जैसे ‘कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं कोई बेवफा नहीं होता’ आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। साहित्यकारों के अनुसार, उनकी शायरी में रुमानियत, इंसानियत और संवेदनाओं की सच्ची झलक मिलती थी।

साहित्यिक दुनिया में अपूरणीय क्षति
धनबाद सहित देशभर के साहित्य प्रेमियों ने इसे उर्दू अदब की बड़ी क्षति बताया है। शायरों और साहित्यकारों का कहना है कि बशीर बद्र जैसे शायर बार-बार पैदा नहीं होते, जिनकी शायरी सीधे दिलों को छू लेती है और हमेशा के लिए याद रह जाती है।

 

Related posts