लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित आकाश आनंद ने मायावती से एक बार फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं। इस माफीनामे के बाद विधानसभा चुनाव से पहले बसपा में उनकी संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी में उनकी वापसी होगी या नहीं, इसका फैसला मायावती ही करेंगी।
आकाश आनंद ने रिश्तों और पार्टी को लेकर दी सफाई
आकाश आनंद ने अपने संदेश में ससुर अशोक सिद्धार्थ से अपने संबंधों, मायावती की पोस्ट को दोबारा साझा नहीं करने और दूसरी पार्टी के साथ कथित संपर्क को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रिश्ते अपनी जगह हैं, लेकिन पार्टी और मिशन उनके लिए उससे ऊपर हैं। आकाश ने मायावती से माफी मांगते हुए पार्टी और मिशन की सेवा का एक और मौका देने की अपील की।
मायावती को बताया राजनीतिक गुरु और ‘बुआ मां’
आकाश आनंद ने कहा कि मायावती उनके लिए सिर्फ पार्टी प्रमुख नहीं, बल्कि राजनीतिक गुरु, प्रेरणा और ‘बुआ मां’ हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में उन्होंने जो कुछ सीखा और किया, वह मायावती के मार्गदर्शन में ही किया है। आकाश ने यह भी स्पष्ट किया कि बसपा उनके लिए केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि उनका परिवार है।
दूसरे राजनीतिक दल में जाने की खबरों को बताया गलत
आकाश आनंद ने अपने बारे में मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही खबरों और अटकलों पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि न आज और न ही भविष्य में किसी अन्य राजनीतिक दल में जाने का उनका इरादा है।
10 सितंबर को मायावती ने किया था निष्कासित
मायावती ने 10 सितंबर को आकाश आनंद को बसपा से निष्कासित किया था। इसके बाद से ही उनकी राजनीतिक भूमिका और भविष्य को लेकर चर्चाएं जारी थीं। अब दोबारा सार्वजनिक माफी और बसपा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताने के बाद उनकी संभावित वापसी को लेकर फिर से अटकलें शुरू हो गई हैं।
वापसी पर अंतिम फैसला मायावती के हाथ में
आकाश आनंद की ओर से माफी मांगने और बसपा के साथ अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के बावजूद उनकी पार्टी में वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पार्टी में उन्हें दोबारा शामिल किया जाएगा या नहीं, इसका फैसला मायावती ही करेंगी। फिलहाल आकाश आनंद की वापसी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं।
