दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार रात अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी सूचना मिली है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, देर रात तक दिल्ली के कई हिस्सों में आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना बनी रही। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

IMD के मुताबिक, मध्य, पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी, दक्षिण-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिमी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

दिन में भी हुई हल्की बारिश

बुधवार दिन के दौरान भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। शाम 5:30 बजे तक जारी मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग और लोधी रोड मौसम केंद्रों पर बहुत हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा पालम में 0.1 मिलीमीटर और रिज इलाके में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। वहीं आयानगर क्षेत्र में बारिश नहीं हुई।

गुरुवार को भी बादल और बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग ने गुरुवार को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।

बारिश से लोगों को गर्मी से राहत

बारिश और तेज हवाओं के बाद दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। राजधानी के अधिकांश मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा। पालम में तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम दर्ज किया गया।

वहीं लोधी रोड में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम था। रिज और आयानगर में अधिकतम तापमान क्रमशः 38.1 और 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा।

 

Related posts