UP Weather Today: 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम, 2 अगस्त से यूपी में फिर होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, लेकिन मौसम विभाग ने जल्द ही बारिश की वापसी के संकेत दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मानसून की सक्रियता सीमित रहेगी। इसके बाद 2 अगस्त से दो दिनों तक कई इलाकों में बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।

अगले 24 घंटे तक सीमित रहेगी मानसूनी गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार 1 अगस्त तक प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं रहेगा। हालांकि इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। 2 अगस्त से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं।

अचानक बदला मौसम, कई जिलों में हुई बारिश

गुरुवार को पहले पूरे प्रदेश के लिए ग्रीन अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन दिन में मौसम के बदलते हालात को देखते हुए इसे कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट में बदल दिया गया। इसके बाद ललितपुर, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आसपास के इलाकों में घने बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कई स्थानों पर करीब दो घंटे तक बारिश का दौर चला, जबकि कुछ जिलों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

मानसूनी बारिश और ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। पिछले पांच दिनों में अधिकतम तापमान लगभग 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 34.5 डिग्री सेल्सियस था। बीते 24 घंटे के दौरान 10.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

गर्मी और उमस से मिली राहत

बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। सुबह बारिश के बाद धूप निकली, लेकिन उसकी तीव्रता ज्यादा नहीं रही। शाम के समय तेज हवा के साथ फिर मौसम सुहावना हो गया। इस दौरान पूर्वी हवा की औसत रफ्तार करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

2 अगस्त से फिर तेज हो सकती है बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होंगी। अगले सप्ताह तक कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके चलते तापमान में और गिरावट आने तथा मौसम के अधिक सुहावना होने की संभावना जताई गई है।

 

Related posts