उन्नाव में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन, डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों ने उठाया मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

उन्नाव (देवेश प्रताप सिंह राठौर): उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में शनिवार को शुक्लागंज स्थित डीबी पैलेस में भव्य मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। शिविर में डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न स्वास्थ्य जांचों के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श लिया।

मेदांता की टीम ने की कई जरूरी जांच

शिविर में मेदांता अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने पीएफटी, बीएमडी, शुगर और रक्तचाप समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं। फिजिशियन डॉ. अमित शांडिल्य ने मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया।

आंख, नाक-कान और गले की भी हुई जांच

प्रकाश आई हॉस्पिटल की टीम ने आंख, नाक, कान और गले से संबंधित जांच की। इस दौरान जरूरतमंद 30 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि 7 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।

होम्योपैथी और महिला स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिला लाभ

डॉ. जितेंद्र यादव के नेतृत्व में रामराज हैनीमैन होम्योपैथिक की टीम ने बड़ी संख्या में मरीजों का परीक्षण किया और उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा दीक्षित ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराईं। अपूर्वा पैथोलॉजी की टीम ने रक्तचाप, शुगर और हीमोग्लोबिन समेत विभिन्न जांचें कीं।

विधायक पंकज गुप्ता ने जनसेवा की पहल को सराहा

मुख्य अतिथि उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन की ओर से समाज के उत्थान और जनसेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं।

जनप्रतिनिधियों ने बताया जनहितकारी कदम

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने मेगा हेल्थ कैंप को शुक्लागंजवासियों के लिए उपयोगी और सराहनीय पहल बताया। नगर पालिका उन्नाव अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्र भानू ने शिविर को जनहितकारी बताते हुए कहा कि मेदांता के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ होम्योपैथी और आंख, नाक, कान व गले की निःशुल्क जांच की सुविधा मिलना लोगों के लिए उपहार के समान है।

सपा नेता वीरेंद्र शुक्ल ने कहा कि इस तरह के शिविर कमजोर वर्ग को स्वास्थ्य के लिहाज से मजबूत बनाए रखने की दिशा में सराहनीय प्रयास हैं। वहीं नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी ने ऐसे शिविरों को कमजोर और अशक्त वर्ग की जरूरत बताया।

आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना उद्देश्य

व्यापार संगठन के अध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी, शारीरिक अशक्तता या समय की कमी के चलते बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों को उनके नजदीक ही जरूरी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मददगार हैं।

88 लोगों की शुगर और 77 लोगों की आंखों की जांच

संस्थान के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. मनीष सेंगर ने बताया कि शिविर में डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। इनमें 77 लोगों की आंखों, 52 लोगों की नाक, कान एवं गले, 88 लोगों की शुगर, 54 लोगों के रक्तचाप और 36 लोगों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई। इसके अलावा 30 लोगों को निःशुल्क चश्मे दिए गए और 7 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।

 

Related posts